दमोह में राज्यमंत्री श्री लखन पटेल ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण..
पुराने स्कूल में लौटे तो भावुक हुए राज्यमंत्री — विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह, छात्रावास सुधार का दिया आश्वासन
दमोह 18 जुलाई 2025।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चल रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत शुक्रवार को दमोह के उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन राज्यमंत्री श्री लखन पटेल ने पाम ट्री का पौधरोपण किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा —
“कुछ काम ऐसे करें जिससे लोग याद करें और समाज में अलग छाप छोड़ें।”
उन्होंने विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए कहा कि यह विद्यालय उनका भी पुराना अध्ययन स्थल रहा है, जहाँ से उन्होंने कक्षा 6वीं से 11वीं तक की पढ़ाई की है। पुराने दिनों की यादें साझा करते हुए वे भावुक हो उठे और प्रार्थना सभा में शामिल होने से मिली अनुभूति का उल्लेख किया।

कार्यक्रम में संस्था प्राचार्य श्री आरपी पटेल, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विद्यालय की समस्याओं पर दिया ध्यान
श्री पटेल ने कहा कि वर्तमान में विद्यालय में लगभग 1250 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि बैठने की जगह सीमित है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में भवन विस्तार और व्यवस्था सुधार के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
छात्रावास की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्ताव एवं एस्टीमेट बनाकर मरम्मत कार्य की योजना तैयार की जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि इस वर्ष कार्य प्रारंभ नहीं भी हो सका, तो अगले वर्ष प्रयास कर छात्रावास की सुविधा को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि ग्रामीण अंचलों से आने वाले विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके।

विद्यार्थियों को दी प्रेरणा
राज्यमंत्री श्री पटेल ने विद्यालय में सभी विद्यार्थियों के फर्स्ट डिवीज़न में उत्तीर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पढ़ाई का स्तर और गुणवत्ता निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत करने का आव्हान करते हुए कहा —
“मेहनत का कोई तोड़ नहीं है, लक्ष्य साधकर आगे बढ़ेंगे तो सफलता निश्चित है।”
अंत में उन्होंने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..