निराश्रित गौवंश की सुरक्षा हेतु रेडियम पट्टी लगाने का अभियान प्रारंभ
गौसेवकों, सामाजिक संगठनों और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल
दमोह।
निराश्रित गौवंश की सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षा के उद्देश्य से दमोह में अभिनव पहल की गई है। जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग, गौसेवकों और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से आज ‘रेडियम पट्टी एवं रेडियम टेप अभियान’ का सांकेतिक शुभारंभ किया गया।

अभियान के तहत घंटाघर, अम्बेडकर भवन और शिवाजी स्कूल के पास मौजूद निराश्रित गौवंश के गले में रेडियम पट्टी बांधी गई और सींगों पर रेडियम टेप लगाया गया। इसका उद्देश्य सड़क पर बैठे या घूम रहे गौवंश को रात के समय आने-जाने वाले वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाना है।
पशुपालन उपसंचालक डॉ. संजय पांडे ने बताया कि बजरंग दल, गौसेवक दीपक नेमा व उनकी टीम, जन अभियान परिषद और अन्य सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर इस अभियान को चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और गौवंश की रक्षा करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की टीम भी सक्रिय भूमिका निभा रही है और निराश्रित गौवंश को पकड़कर गौशालाओं में भेजा जा रहा है।
जन अभियान परिषद समन्वयक सुशील नामदेव ने बताया कि यह कार्य जनसहभागिता से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह सिर्फ प्रशासन का नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है।
अजय खत्री, सामाजिक कार्यकर्ता ने भी गौपालकों से अपील की कि वे अपने दुधारू पशुओं को खुले में न छोड़ें, ताकि उनकी भी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
गौसेवक दीपक नेमा ने कहा कि यह अभियान कलेक्टर के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। निराश्रित गौवंश की वजह से आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं से मन विचलित होता है, इसलिए यह कदम उठाया गया है ताकि बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सके।
मोंटी रैकवार ने कहा कि यह अभियान सिर्फ प्रशासन का नहीं, बल्कि हम सबकी जिम्मेदारी है। हमारी भी जान प्यारी है, गौमाता की भी जान प्यारी है, इसलिए आगे आएं, रेडियम पट्टी लगाएं और दुर्घटनाएं रोकने में भागीदारी निभाएं।
जनसहयोग की अपील
इस अभियान में सामाजिक संगठनों, गौसेवकों और नगर पालिका के कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भी इस अभियान में सहभागी बनें और सड़क पर घूम रहे गौवंश को सुरक्षित रखने में अपना योगदान दें।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..