सकल दमोह असाटी समाज द्वारा भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम..
दमोह ।
श्रावण माह के पावन अवसर पर सकल दमोह असाटी समाज द्वारा भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन में समाज की तीनों समितियाँ — वरिष्ठ समिति, युवा समिति, महिला समिति — तथा समाज बंधुओं का विशेष सहयोग रहा।
कावड़ यात्रा का शुभारंभ असाटी वार्ड-1 स्थित संस्कार भवन से हुआ, जहाँ श्री राम मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडितों ने कावड़ पूजन कराया। इसके पश्चात यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई जटाशंकर धाम पहुँची, जहाँ शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

यात्रा में बच्चों द्वारा डमरू वादन, छोटी बच्चियों द्वारा देवी स्वरूप में सजीव झांकियां, शिव-पार्वती रूप सज्जा, व महिलाओं द्वारा कलश यात्रा जैसे आकर्षण रहे। करीब 800 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए।
कावड़ यात्रा के स्वागत हेतु नगर के विभिन्न स्थानों — बकौली चौक, हनुमानगढ़ी, जानकी रमण मंदिर, कोतवाली चौराहा, जेल मंदिर, बेलाताल — पर सामाजिक संस्थाओं व प्रतिष्ठानों द्वारा पुष्पवर्षा एवं पेयजल की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया।

समाज अध्यक्ष वीरेंद्र असाटी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मालती असाटी, महिला समिति अध्यक्ष नेहा असाटी, संयोजक देवेंद्र असाटी, सहसंयोजक रूपेंद्र (गोलू) असाटी, रचना प्रमोद असाटी, युवा उपाध्यक्ष सृजन असाटी सहित समाज के वरिष्ठजनों ने इसे सामाजिक एकता और भक्ति का अनुपम उदाहरण बताया।

यात्रा की सुचारू व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग, मंदिर ट्रस्ट व नगर पालिका का सकल असाटी समाज ने आभार व्यक्त किया। आयोजन उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धार्मिक उत्सव को सम्पन्नता प्रदान की।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..