अवैध शराब के खिलाफ भगवती मानव कल्याण संगठन का ज्ञापन, कलेक्टर को सौंपा चेतावनी पत्र..
दमोह।
दमोह जिले में बढ़ती अवैध शराब बिक्री को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन ने नाराजगी जताते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने जिले में फैले नशे के नेटवर्क को रोकने की मांग करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन जिलेभर में व्यापक जन आंदोलन करेगा।
गांव-गांव बिक रही है अवैध शराब, महिलाएं व बच्चे परेशान
संगठन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि जिले के ग्रामीण अंचलों से लेकर नगर क्षेत्रों तक अवैध शराब का धड़ल्ले से विक्रय हो रहा है। इसकी वजह से महिलाओं को घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ रहा है, बच्चे भय के कारण स्कूल व मंदिर जाने में असहज महसूस कर रहे हैं और आये दिन गांवों में झगड़े की स्थिति बन रही है। धार्मिक कार्यक्रमों और सामाजिक वातावरण पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है।
शासन के अभियान की उड़ रही धज्जियाँ
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई तक नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, परंतु उसके बावजूद दमोह जिले में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है। यह प्रशासनिक उदासीनता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। संगठन ने यह आरोप भी लगाया कि स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से ही यह अवैध धंधा फल-फूल रहा है।
सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो होगा वृहद आंदोलन
संगठन ने प्रशासन को दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि जिले से अवैध शराब बिक्री पर शीघ्र अंकुश नहीं लगाया गया, तो संगठन सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन में यह भी लिखा गया है कि शासन करोड़ों रुपये नशा मुक्ति अभियान पर खर्च कर रही है, परंतु ज़मीनी स्तर पर इसका कोई प्रभाव नहीं दिख रहा है, जिससे आमजन खुद को ठगा महसूस कर रहा है।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
संगठन ने यह भी पूछा है कि जब हर गली-गांव में शराब बिक्री की जानकारी आम लोगों को है, तो जिम्मेदार अधिकारियों को क्यों नहीं? यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जनाक्रोश फूट सकता है।
ज्ञापन सौंपते समय संगठन के प्रमुख पदाधिकारी, कार्यकर्ता व क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


More Stories
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश..जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही से करें काम : कलेक्टर यादव..
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..
उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..