बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का कलेक्टर कोचर और अपर कलेक्टर मसराम ने लिया जायजा
पीड़ितों को मिलेगा नियमानुसार मुआवजा, राहत शिविरों में भोजन, दवाइयों और आश्रय की व्यवस्था
दमोह |
जिले में भारी बारिश के चलते नदी-नालों के किनारे बसे गांवों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालात का जायजा लेने बुधवार को कलेक्टर सुधीर कोचर और अपर कलेक्टर मीना मसराम ने तेंदूखेड़ा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्रामों – तारादेही, खमतरा, जमरा, सर्रा, गोपालपुरा, बिलतरा आदि का भ्रमण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर कोचर ने बताया कि जिले में प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार का सर्वे कराया जाएगा। जिनके मकान, फसल, पशु या अन्य संपत्तियों को नुकसान हुआ है, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने पटवारी और तहसीलदार को निर्देश दिए कि हर घर जाकर सर्वे सुनिश्चित किया जाए।
खमतरा में राहत शिविर, भोजन और दवाइयों की व्यवस्था
खमतरा गांव में राहत शिविर की स्थापना कर भोजन तैयार कर वितरण शुरू कर दिया गया है। साथ ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में दवाइयों और आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
निर्माण एजेंसियों को दिए त्वरित मरम्मत के निर्देश
कलेक्टर कोचर ने बताया कि पीडब्ल्यूडी, आरईएस, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और सड़क विकास निगम को निर्देशित किया गया है कि जहां भी पुल-पुलियाएं या अप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका तुरंत सर्वे कर बारिश थमते ही मरम्मत कार्य प्रारंभ करें। खमतरा-सारसबगली मार्ग का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क पूरी तरह डैमेज हो चुकी है और इंजीनियरों को स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलेगी राहत
कलेक्टर ने कहा कि बाढ़ से जिनके मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनके लिए कुटीर निर्माण की विशेष मंजूरी राज्य शासन से ली जाएगी। पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राहत देने का प्रयास किया जाएगा।
पेयजल को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील
कलेक्टर ने ग्रामीणों से पानी उबाल कर पीने की अपील करते हुए कहा कि इस मौसम में मलेरिया, डायरिया, उल्टियां जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को गंदा या दूषित पानी बिल्कुल न पिलाएं।
अपर कलेक्टर मीना मसराम ने भी की व्यापक समीक्षा
अपर कलेक्टर मीना मसराम ने सर्रा, खमतरा, गोपालपुरा, बिलतरा सहित कई गांवों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ राहत और पुनर्वास कार्य में जुटा है।
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्य तेज कर दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि स्थिति जल्द सामान्य हो और हर प्रभावित व्यक्ति तक मदद पहुंचाई जाए।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..