मंत्री श्री लोधी के निर्देशन में निकली चार दिवसीय कावड़ यात्रा बांदकपुर पहुंची
हजारों श्रद्धालुओं ने किया भोलेनाथ का जलाभिषेक, जगह-जगह हुआ स्वागत
दमोह/बांदकपुर।
जबेरा विधानसभा से विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रद्युम्न सिंह लोधी के निर्देशन तथा उनके अनुज सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली गई चार दिवसीय भव्य कावड़ यात्रा का समापन देव श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर में विधिवत पूजन-अर्चन और जलाभिषेक के साथ हुआ।
यह यात्रा 31 जुलाई 2025 को माँ नर्मदा के पावन तट तिलवाराघाट, जबलपुर से शुभारंभ हुई थी। यात्रा के प्रथम दिन श्रद्धालु बोरिया पहुँचे, द्वितीय दिन जबेरा, तृतीय दिन मझगुवां मानगढ़ होते हुए चतुर्थ एवं अंतिम दिन बांदकपुर पहुंचे।

बांदकपुर में मंत्री श्री लोधी, सत्येंद्र सिंह और नीतेन्द सिंह सहित भारी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन कर जलाभिषेक किया।
मंत्री श्री लोधी ने बताया कि जबेरा विधानसभा एवं समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना से इस कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि भोपाल में विधानसभा का मानसून सत्र होने के कारण वे यात्रा में केवल दो दिवस शामिल हो सके, लेकिन मन से पूरे समय यात्रा से जुड़े रहे। मंत्री लोधी ने कहा कि यह आयोजन अचानक उनके मन में आया, जिसे उन्होंने तुरंत अपने अनुज को बताया और केवल दो दिनों में यात्रा की रूपरेखा तैयार कर शुभारंभ कर दिया गया।

सत्येंद्र सिंह ने कहा कि इस यात्रा को माननीय मंत्री जी के निर्देशों के तहत आयोजित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि अगला वर्ष यात्रा को और भव्य बनाने की दिशा में पूरी तैयारी के साथ आयोजन किया जाएगा।
पूरे मार्ग में ग्रामवासियों द्वारा जगह-जगह कांवड़ियों का स्वागत एवं भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों की मंगलकामना की।

यात्रा के अंतिम दिन मझगुवां मानगढ़ से बांदकपुर तक निकली यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, मंडल अध्यक्ष रिंकू जैन, रूपेश सेन, भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष आदित्य राय, सरपंच रीतेश राय, मदन यादव, अंकित राय, जिला मीडिया प्रभारी राहुल जैन, अजय राय, खैरी सरपंच मूरत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा की पूर्णता के साथ बांदकपुर धाम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। भक्तों की गूंजती हर-हर महादेव की जयकारों ने वातावरण को शिवमय कर दिया।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..