मदिरा दुकानों पर लगेगा सीसीटीवी निगरानी तंत्र, नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई: कलेक्टर कोचर..
दमोह।जिले में मदिरा दुकानों की निगरानी और अनुशासन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर की अध्यक्षता में आबकारी विभाग की समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला आबकारी अधिकारी श्री खरे समेत जिले के मदिरा दुकानों के सभी ठेकेदार उपस्थित रहे।बैठक में निर्णय लिया गया कि समस्त मदिरा दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल कराए जाएंगे, जिनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रूप से संग्रहित की जाएगी। इन कैमरों की निगरानी नियंत्रण कक्ष से की जाएगी, ताकि पूरे जिले में मदिरा विक्रय पर सख्त और डिजिटल निगरानी सुनिश्चित की जा सके। नियंत्रण प्रणाली अनुभाग स्तर और जिला नियंत्रण कक्ष, दोनों स्तरों से संचालित की जाएगी।कलेक्टर कोचर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय के बाद शराब का विक्रय नहीं किया जाएगा। यदि किसी दुकान में निर्धारित समय सीमा के बाहर विक्रय की पुष्टि होती है, तो कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।जिला आबकारी अधिकारी खरे ने बताया कि कुछ दुकानों में रात्रि विश्राम करने वाले व्यक्तियों द्वारा अवैध शराब विक्रय में संलिप्तता पाई गई है। इस पर गंभीर चिंता जताते हुए निर्देशित किया गया कि दुकान संचालन समय के पश्चात सभी मदिरा दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। रात्रि में कोई भी व्यक्ति दुकान के भीतर नहीं रुकेगा, न ही वहाँ रात्रि विश्राम करेगा।कलेक्टर कोचर ने निर्देशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के आदेश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि इन नियमों का पालन न करने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..