15 अगस्त पर मुख्यमंत्री का होगा लाइव प्रसारण, अंगदान-देहदान करने वालों के परिजन होंगे सम्मानित: कलेक्टर कोचर
दमोह। जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी सिलसिले में कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर एवं पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने सोमवार को तहसील ग्राउंड पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस मौके पर अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसडीएम आर.एल. बागरी, सीएसपी एच.आर. पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।कलेक्टर कोचर ने जानकारी दी कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि का उद्बोधन अलग से होगा। उन्होंने कहा कि इस बार अंगदान एवं देहदान करने वाले लोगों के परिजनों को कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा, जो समाज में प्रेरणा देने का कार्य करेगा।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट दोनों ओर लगाए जा रहे हैं, जिससे वर्षा की स्थिति में भी लोगों को कोई असुविधा न हो। साथ ही, मुख्य अतिथि को छोड़कर किसी अन्य वाहन को मैदान में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, जिससे आयोजन स्थल पर भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके। वाहनों की पार्किंग के लिए मैदान के बाहर विशेष व्यवस्था की जाएगी।इस बार एक लघु प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विभागों के 10–15 स्टॉल लगाए जाएंगे। तिरंगा और तिरंगा राखी की बिक्री के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। मंच का आकार बढ़ाया जा रहा है ताकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जा सके।कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि राष्ट्रीय पर्व पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। साथ ही नगर पालिका और बिजली विभाग को निर्देशित किया गया है कि विद्युत व्यवस्थाएं पूर्णत: सुरक्षित और व्यवस्थित रहें। प्रॉपर वायरिंग और विद्युत लाइन की जांच सुनिश्चित की जाएगी।पुलिस अधीक्षक सोमवंशी ने बताया कि इस बार यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। तहसील ग्राउंड के पास ट्रैफिक जाम की समस्या न हो, इसके लिए डाइवर्जन प्लान और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है।उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार का आयोजन और अधिक सुव्यवस्थित एवं नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने का प्रयास है। कार्यक्रम में एनएसएस के छात्रों का नया प्लाटून परेड में शामिल होगा। पुलिस प्लाटून के अलावा एक संभावित विशेष प्रस्तुति भी जोड़ी जा सकती है, जिसकी योजना पर काम चल रहा है।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कार्यक्रम में भागीदारी करने वाले ऐसे प्रतिभागियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने समाजहित में कोई उल्लेखनीय कार्य किया हो या पहली बार किसी प्रयास से प्रभावित किया हो।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..