कलेक्टर कोचर बने एक दिन के शिक्षक, बच्चों को पढ़ाया और प्रेरित किया
ग्रामीणों से मिले, समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
दमोह |
जिला कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने आज एक प्रेरणादायक पहल करते हुए प्राथमिक शाला रोड़ा टोला एवं हिंडोरिया का दौरा किया। इस दौरान वे न केवल बच्चों से घुले-मिले, बल्कि शिक्षक की भूमिका निभाते हुए उन्हें ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाया और लिखवाया भी।
रोड़ा टोला शाला में पहुंचते ही कलेक्टर बच्चों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की। उन्होंने शब्दों के सही उच्चारण, वाक्य संरचना, प्रश्नवाचक चिह्न आदि के बारे में बच्चों को समझाया। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिए और अच्छी लिखावट में उत्तर प्रस्तुत किए, जिसे देखकर कलेक्टर ने उनकी सराहना की। उन्होंने बच्चों का मनोबल भी बढ़ाया और कहा कि वे इसी तरह मेहनत करें।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण
शाला परिसर में कलेक्टर कोचर ने छात्रों के साथ मिलकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत एक पौधा भी रोपा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हिंडोरिया शाला में मिली कमियाँ, कलेक्टर ने जताई नाराज़गी
इसके बाद कलेक्टर प्राथमिक शाला मुकरवा वार्ड, हिंडोरिया पहुंचे जहां उन्होंने छात्रों की कॉपियाँ देखीं, उनसे संवाद किया और पढ़ाई की गुणवत्ता पर असंतोष जताया। उन्होंने शिक्षकों को और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता बताई।
मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच के दौरान जब भोजन मीनू के अनुसार नहीं पाया गया तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
ग्रामीणों से संवाद, समस्याओं का त्वरित निराकरण
कलेक्टर कोचर ने अपने भ्रमण के दौरान ग्रामीणजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने उनकी समस्याएं ध्यान से सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरे ने न केवल प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम किया, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को लेकर कलेक्टर की गंभीरता भी स्पष्ट की।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..