श्रमिकों के लिए अब घर के पास बनेगा आयुष्मान कार्ड..

Spread the love

श्रमिकों के लिए अब घर के पास बनेगा आयुष्मान कार्ड — 11 अगस्त से शुरू होगा शिविर कलेक्टर श्री कोचर ने दी जानकारी, 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा

दमोह, 09 अगस्त 2025 – जिले के श्रमिकों को अब आयुष्मान भारत योजना का लाभ पाने के लिए दूर-दराज कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। जिला प्रशासन ने विशेष पहल करते हुए उन श्रमिक भाइयों-बहनों के लिए शिविर लगाने का निर्णय लिया है, जो सुबह-सुबह किल्लाई नाका, तीन गुल्ली, बस स्टेशन या जबलपुर नाका एरिया में मजदूरी के लिए आते हैं।

कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि आगामी सोमवार, 11 अगस्त को प्रातः 8 बजे से प्रशासन की टीम उक्त स्थलों पर पहुंचेगी और वहीं बैठकर पात्र श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाएगी। इसके लिए संबंधित स्थानों पर बैनर और टेबल लगाए जाएंगे, जहां आयुष्मान मित्र मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और समग्र आईडी अनिवार्य है। जिनके पास दोनों दस्तावेज मौजूद हैं, उनका कार्ड तुरंत बनाया जाएगा। इस कार्ड के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज पंजीकृत चिकित्सालयों में प्राप्त होगा।

कलेक्टर ने श्रमिकों से अपील की, “यह राज्य सरकार की एक बेहद लाभकारी योजना है। कृपया अपना आधार कार्ड और समग्र आईडी लेकर समय पर पहुंचे और इस सुविधा का लाभ उठाएं। हम सुबह 8 बजे से प्रतिदिन इन स्थलों पर शिविर लगाएंगे, ताकि किसी को भी परेशानी न हो।”

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com