रिश्तेदारी में आए युवक की गोली मारकर हत्या, 20 साल की सजा काट चुका आरोपी गिरफ्तार..

Spread the love

रिश्तेदारी में आए युवक की गोली मारकर हत्या, 20 साल की सजा काट चुका आरोपी गिरफ्तार

दमोह।
जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी के समीप ग्राम बालाकोट जंगल में शनिवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले भी हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था।

घटना कैसे हुई

चौकी प्रभारी प्रशीता कुर्मी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान गुड्डू पिता भूरे सिंह गौड़ (30 वर्ष), निवासी महुआ सेमरा थाना रहली के रूप में हुई है। गुड्डू अपने मित्र महेंद्र के साथ रिश्तेदारी में ग्राम बालाकोट आया हुआ था। इसी दौरान वहां मौजूद भुरई उर्फ भूरे लोधी (निवासी बालाकोट) से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने 12 बोर की बंदूक से फायर कर दिया।

कई जगह लगे छर्रे, मौके पर मौत

फायरिंग में गुड्डू के सिर, हाथ, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर छर्रे लगे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पहले भी हत्या का दोषी रहा आरोपी

आरोपी भुरई लोधी वर्ष 2000 के दशक में हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था और धारा 302 के तहत 20 साल की सजा काटने के बाद जेल से बाहर आया था।

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे, चौकी प्रभारी प्रशीता कुर्मी, प्र.आ. आलोक, प्रेमदास, आ. देवेंद्र, अजय, रुपेश सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने भी घटना स्थल और अस्पताल पहुंचकर जांच की जानकारी ली।

पोस्टमार्टम के बाद मर्ग कायम
जिला अस्पताल में सब इंस्पेक्टर एम.एस. कोरकू, एएसआई अकरम खान, वैज्ञानिक अधिकारी दीपक ठाकुर और शेखर की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया गया और एक्स-रे उपरांत पैनल डॉक्टर टीम ने पोस्टमार्टम किया। इसके बाद मर्ग कायम कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नगर पुलिस अधीक्षक का बयान

नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे ने बताया कि घटना के समय आरोपी और उसके साथी दो बाइकों पर सवार होकर जंगल पहुंचे थे। वहां विवाद हुआ और गोली चल गई, जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस अब मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com