4500 छात्रों ने बनाई मानव श्रृंखला, दमोह में गूंजे देशभक्ति के नारे..
दमोह — स्वतंत्रता दिवस से पहले दमोह नगर में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब नगर के 12 विभिन्न स्कूलों के लगभग 4500 छात्र-छात्राएं तिरंगा हाथ में लिए जोश, उमंग और जुनून के साथ मानव श्रृंखला बनाकर एकजुट हुए। बच्चों ने “भारत माता की जय” और “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा” के नारों से पूरे माहौल को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, नगर पालिका के ब्रांड एम्बेसडर हरीश पटैल, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री नेमा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटैल ने कहा, “आज का यह आयोजन एक नवाचार है, जो बच्चों में देशभक्ति की भावना को जगाने वाला है।”भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने इसे “हमेशा याद रहने वाला कार्यक्रम” बताते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा में बच्चों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से यह सिद्ध होता है कि भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना सभी के दिलों में जीवित है।

कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि इस आयोजन की अगुवाई स्कूल शिक्षा विभाग ने की, जिसमें सामाजिक संगठनों, प्राइवेट व सरकारी स्कूलों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। उन्होंने कहा कि यह पहल पूरे शहर और जिले में तिरंगे के प्रति एक नई लहर पैदा करने वाली है।कलेक्टर ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 13 अगस्त को सुबह 10 बजे से तिरंगा यात्रा, 14 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से भव्य तिरंगा मार्च, साइकिल रैली और मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रभारी मंत्री मुख्य अतिथि होंगे।दमोह में आयोजित यह भव्य मानव श्रृंखला कार्यक्रम आने वाले स्वतंत्रता दिवस के जश्न की शुरुआत बनकर, देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा दे गया।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..