दमोह में 14-15 अगस्त को प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार का दो दिवसीय दौरा, तिरंगा मार्च और कई कार्यक्रम होंगे आयोजित
दमोह, 13 अगस्त 2025 — मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और आयुष विभाग के मंत्री एवं दमोह जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार 14 और 15 अगस्त को दो दिवसीय प्रवास पर दमोह में रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक और विकास संबंधी कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
14 अगस्त का कार्यक्रम
प्रभारी मंत्री परमार 14 अगस्त को सुबह 9 बजे सर्किट हाउस में जनसामान्य और कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। सुबह 10 बजे कीर्ति स्तंभ से एक भव्य तिरंगा मार्च निकाला जाएगा, जिसमें पुलिस बल बाइक से और स्कूली छात्र-छात्राएं व युवा साइकिल रैली में शामिल होंगे। यह मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सम्पन्न होगा।
सुबह 11 बजे मंत्री परमार तिरंगा मार्च में औपचारिक सहभागिता के बाद कलेक्ट्रेट में आयोजित बलराम जयंती के अवसर पर बलराम मेला का अवलोकन करेंगे। इस मौके पर तीन सभा कक्षों का नामकरण और रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी होगा।
इसके बाद जिला योजना समिति, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और आयुष विभाग की बैठकें होंगी, जिनमें जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। अपराह्न 4 बजे मंत्री परमार विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम 6 बजे पुनः कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
15 अगस्त का कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को सुबह 7:30 बजे पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण होगा, इसके बाद मंत्री परमार मुख्य समारोह में शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे वे ग्राम ग्वारी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन कार्यक्रम में शामिल होंगे और दोपहर 1 बजे जल जीवन मिशन अंतर्गत टोंटी लगाओ अभियान में भाग लेंगे।
दोपहर 2 बजे ग्राम हथनी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण करेंगे। इसके बाद 4:30 बजे बेलाताल सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण और 5:30 बजे पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में लोक सेवा आयोग, NEET एवं PAT निःशुल्क कोचिंग का शुभारंभ करेंगे। शाम 7 बजे सर्किट हाउस पहुंचने के बाद रात 8 बजे दमोह से पन्ना के लिए रवाना होंगे।
कलेक्टर का आह्वान
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में तिरंगा मार्च, बलराम मेला और रक्तदान शिविर में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक जिले के लिए महत्वपूर्ण होगी।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..