दमोह में पंचायत उन्नति सूचकांक 1.0 कार्यशाला सम्पन्न, उत्कृष्ट पंचायतों को मिला सम्मान..

Spread the love

दमोह में पंचायत उन्नति सूचकांक 1.0 कार्यशाला सम्पन्न, उत्कृष्ट पंचायतों को मिला सम्मान

समूचे विकास का सूचकांक है PAI – मुख्य कार्यपालन अधिकारी

दमोह — जिला पंचायत सभागार में आज पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) 1.0 विमोचन कार्यशाला का आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजुलता धर्मेन्द्र कटारे और मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे मौजूद रहे।

कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर एवं अतिथि विद्वान राहुल और झनक सिंह (क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान) ने PAI 1.0 व 2.0 की विस्तृत जानकारी दी। ग्राम पंचायत विकास कार्यक्रम (GPDP) और स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों की पूर्ति में पंचायतों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को PAI पोर्टल पर डेटा अपलोड करने और थीम-आधारित पंचायत विकास कार्यक्रम की ट्रेनिंग दी गई।

सम्मानित पंचायतें
PAI 1.0 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया—

प्रथम: ग्राम पंचायत गंज बरखेरा, जनपद पंचायत बटियागढ़ — ₹11,000

द्वितीय: ग्राम पंचायत सरिया, जनपद पंचायत बटियागढ़ — ₹7,100

तृतीय: ग्राम पंचायत फुटेराकला, जनपद पंचायत बटियागढ़ — ₹5,100
इसके अलावा 7 पंचायतों को ₹2,100-₹2,100 और प्रशस्ति पत्र, जबकि 10 पंचायतों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

सहायक परियोजना अधिकारी डॉ. प्रकाश गौतम ने बताया कि PAI पंचायतों के समग्र विकास और प्रगति का मापक है, जिसके जरिए समीक्षा कर नई कार्ययोजनाएं बनाई जा सकती हैं। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को वित्त वर्ष 2023-24 में A और A+ श्रेणी में स्थान प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में पंचायत सचिव, सरपंच, लाइन विभाग के अधिकारी, जनपद और जिला पंचायत अधिकारी-कर्मचारी, BC एवं ऑपरेटर RGSA उपस्थित रहे। आगामी समय में PAI पोर्टल के आधार पर पंचायतों के विकास का मूल्यांकन किया जाएगा।

About The Author