तिरंगे की आन-बान-शान के साथ निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा, पूरा दमोह देशभक्ति के रंग में रंगा..

Spread the love

तिरंगे की आन-बान-शान के साथ निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा, पूरा दमोह देशभक्ति के रंग में रंगा

दमोह। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत दमोह में आज एक भव्य एवं सर्वसमावेशी तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। तहसील मैदान से शुरू होकर कीर्ति स्तंभ, को-ऑपरेटिव बैंक चौराहा, बस स्टैंड, एवरेस्ट लॉज, घंटाघर, अस्पताल चौराहा होते हुए यात्रा का समापन पुनः तहसील मैदान पर हुआ।

मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि “हमारा संकल्प है कि 2047 तक भारत को फिर से विश्व गुरु बनाएंगे, इतना ताकतवर देश बनाएंगे कि कोई भी शक्ति हिंदुस्तान की तरफ नजर उठाकर न देख सके।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में निकाली जा रही देशभक्ति की इन यात्राओं को एकता और समर्पण का प्रतीक बताया।

मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि भारत आज विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बना चुका है और हमें इस स्वतंत्रता को कायम रखते हुए विश्व गुरु बनाने का संकल्प लेना है।

कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने तिरंगा यात्रा को इस बार विशेष बताते हुए कहा कि इसमें दिव्यांगजन, वृद्धाश्रम के बुजुर्ग, थर्ड जेंडर, सामाजिक संस्थाओं की महिलाएं, आत्मनिर्भर बन चुकी बेटियां, स्कूली बच्चे, व्यापारी, पुलिस बल, एनसीसी, स्काउट्स समेत समाज के हर वर्ग के लोग शामिल हुए। उन्होंने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने इसे वृहद और शानदार आयोजन बताया, जिसमें पुलिस बल और पुलिस बैंड ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

तिरंगा यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, नरेन्द्र बजाज, संजय यादव, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और आमजन ने भाग लिया। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच तिरंगे की लहराती छटा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com