स्वतंत्रता दिवस पर दमोह में हर्षोल्लास, प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया ध्वजारोहण..

Spread the love

स्वतंत्रता दिवस पर दमोह में हर्षोल्लास, प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया ध्वजारोहण

दमोह, 15 अगस्त 2025।
जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के तहसील ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने ध्वजारोहण किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री ने विधायक जयंत कुमार मलैया के साथ गुब्बारे छोड़कर आजादी के जश्न का शुभारंभ किया। उन्होंने कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी और परेड कमांडर अभिनव साहू के साथ खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। परेड में विशेष पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड, शौर्य दल और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेशवासियों के नाम संदेश लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से प्रसारित किया गया, जिसे सभी ने सुना। प्रभारी मंत्री परमार ने अपने संबोधन में जिले में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि दमोह स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 250 करोड़ की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज, 200 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन 6 सांदीपनि विद्यालय, और विभिन्न सिंचाई व पेयजल परियोजनाओं के लाभ गिनाए।

कार्यक्रम में अंगदान एवं देहदान करने वाले परिवारों का सम्मान किया गया। हिंदी साहित्य, शास्त्रीय संगीत, महिला दिव्यांग क्रिकेट, समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में अविस्मरणीय योगदान देने वाले व्यक्तियों व संस्थाओं को ‘दमोह गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भी मंच से सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय विद्यालयों की टीमों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और एनसीसी प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति से भर दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com