ग्राम ग्वारी में प्रभारी मंत्री ने आज़ादी के बलिदान को किया याद, छात्रों को साइकिल व पौधारोपण से दी सौगात..

Spread the love

ग्राम ग्वारी में प्रभारी मंत्री ने आज़ादी के बलिदान को किया याद, छात्रों को साइकिल व पौधारोपण से दी सौगात

दमोह 15 अगस्त 2025
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा तथा आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने ग्राम ग्वारी में शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला में आयोजित मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल होकर आज़ादी के संघर्ष और बलिदान को याद किया।

मंत्री श्री परमार ने कहा कि देश को आज़ादी संघर्ष और बलिदान से मिली है, जिसमें कई परिवार उजड़ गए और अनेक वीरों ने अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि आज़ादी को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए हमें हर वर्ष संकल्प लेना होगा ताकि हम दुनिया के सामने बराबरी से खड़े हो सकें। उन्होंने भारत के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और मूल्यों को वैश्विक मंच पर पुनः स्थापित करने के सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला और कहा कि शिक्षा ही श्रेष्ठ नागरिक निर्माण की आधारशिला है।

कार्यक्रम का शुभारंभ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण से किया गया। मंत्री ने छात्रों को साइकिल वितरित की और उनके साथ मध्यान्ह भोजन का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मी विजय को लड्डू खिलाया और जल संरक्षण के महत्व पर भी जोर दिया।

सुजल भारत अभियान के तहत मंत्री परमार ने नलों में टोंटी लगाने के अभियान का शुभारंभ किया और ग्रामवासियों से जल के अपव्यय को रोकने की अपील की।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष प्रीति कमल ठाकुर, पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद रहे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com