स्थानीय युवाओं को मिलेगा दमोह में ही रोजगार
मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना का भी लाभ मिलेगा : कलेक्टर कोचर
दमोह।
जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिये दमोह नगर में 26 अगस्त, मंगलवार को “युवा संगम” का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर स्थानीय स्तर से लेकर प्रदेश की विभिन्न कंपनियों तक में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि लगभग चार हजार रिक्तियां प्राप्त हुई हैं, जिनमें जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार प्रदान करने के लिये चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से एक व्हाट्सऐप चैनल बनाया गया है, जिसमें दमोह जिले के चार हजार से अधिक युवा जुड़े हुए हैं।
कलेक्टर कोचर ने कहा कि यह आयोजन विशेष रूप से उन स्थानीय युवाओं के लिये है जो रोजगार की तलाश में दमोह से बाहर नहीं जाना चाहते। इस अवसर पर स्थानीय उद्यमियों को भी आमंत्रित किया गया है ताकि जिले में ही रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल सके। साथ ही, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना का लाभ भी युवाओं को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पांचवीं पास से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त सभी युवक-युवतियां इस आयोजन में भाग ले सकते हैं। इसके साथ ही, कार्यक्रम में बैंकों को भी आमंत्रित किया गया है ताकि स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक युवक-युवतियों को ऋण सुविधा प्रदान की जा सके। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र आवेदक को युवा संगम से पहले ही ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश बैंकों को दिए गए हैं।
इस युवा संगम में तीन मुख्य कार्य किए जाएंगे –
- युवाओं का बाहर की कंपनियों में चयन।
- जिले के उद्यमों में रोजगार उपलब्ध कराना।
- युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना।
कलेक्टर कोचर ने जिले के सभी बेरोजगार युवक-युवतियों से अधिक से अधिक संख्या में इस युवा संगम में शामिल होकर रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..