मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन ने राज्यमंत्री से की मुलाकात
पैथोलॉजी यूनिट संचालन में एमडी पैथोलॉजिस्ट की अनिवार्यता पर जताई चिंता
दमोह : 28 अगस्त 2025
मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन मध्यप्रदेश का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी से नोहटा स्थित उनके निवास पर मिला।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कोषाध्यक्ष आनंद जैन, जिला अध्यक्ष अविनाश दुबे, संरक्षक उपेंद्र सिंह ठाकुर, मंत्री जगदीश नेमा, संयोजक अमित अठया, भूपेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में एसोसिएशन पदाधिकारियों ने हाल ही के शासकीय आदेश पर चिंता जताई, जिसमें पैथोलॉजी यूनिट संचालन हेतु एमडी पैथोलॉजिस्ट डॉक्टर की अनिवार्यता का प्रावधान किया गया है। पदाधिकारियों का कहना था कि अब तक क्वालिफाइड एमबीबीएस चिकित्सकों के मार्गदर्शन में रूटीन पैथोलॉजी जांच होती रही है और अधिकांश शासकीय अस्पतालों में एमडी पैथोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में यह आदेश स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित कर सकता है।
एसोसिएशन ने आदेश पर पुनर्विचार की मांग की। इस पर राज्यमंत्री लोधी ने आश्वासन दिया कि वह इस विषय पर स्वास्थ्य सचिव एवं स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा करेंगे और व्यावहारिक समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
बाल विवाह रोकथाम और टीकाकरण पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम
वर-वधू और आने वाले बच्चे का जीवन संकट में डालता है बाल विवाह – मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी
दमोह : 28 अगस्त 2025
जबेरा विधानसभा अंतर्गत मंडल बनवार के मानव मनगढ़ में अंतर फाउंडेशन द्वारा बच्चों के टीकाकरण और बाल विवाह रोकथाम हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में नाटक और मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को समय पर टीकाकरण कराने और बाल विवाह न करने का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि कम उम्र में विवाह होने से नाबालिग वर-वधू पर बोझ बढ़ जाता है। गर्भावस्था में कमजोरी और गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जिससे मां और आने वाले बच्चे दोनों का जीवन संकट में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों का समय पर टीकाकरण कराना जरूरी है ताकि वे स्वस्थ और निरोगी रह सकें।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रिंकू जैन, पंडित उमाशंकर शास्त्री, पूर्व मंडल अध्यक्ष शीतल राय, सत्यपाल सिंह, सरपंच सुभाष अहीरवाल, सरपंच नवल सिंह, सहायक सचिव राजेश सिंह, मिठ्ठू सिंह, मणिशंकर शर्मा, सुरेंद्र लोधी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन अमन जैन ने किया।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..