बाढ़ आपदा सहयोगियों का सेवा-सम्मान समारोह सम्पन्न..

Spread the love

बाढ़ आपदा सहयोगियों का सेवा-सम्मान समारोह सम्पन्न,समाजसेवियों का सम्मान कर गदगद हुए राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी..

कलेक्टर कोचर बोले आपकी सेवा भावना अमूल्य, आने वाली पीढ़ियों को देगी प्रेरणा..

दमोह : जिले के जबेरा विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में आई बाढ़ के दौरान पीड़ितों की मदद करने वाले समाजसेवियों और संगठनों को आज जिला प्रशासन द्वारा आयोजित “बाढ़ आपदा नि:स्वार्थ सहयोगियों का सेवा-सम्मान समारोह” में सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के ऑडीटोरियम में आयोजित हुआ, जिसमें संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल और कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर उपस्थित रहे।

राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि बाढ़ आपदा के दौरान समाजसेवियों द्वारा दिया गया सहयोग अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा – “जब प्रशासनिक अधिकारी इस प्रकार की सोच रखते हैं तो हृदय को बहुत संतोष और आनंद मिलता है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिस संवेदनशीलता से कार्य किया, वह प्रशंसनीय है। जिन समाजसेवियों ने बाढ़ पीड़ितों की मदद की, उन्हें प्रणाम करता हूँ। समाजसेवियों का यह सहयोग हमेशा याद रहेगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल ने कहा – “विपरीत परिस्थितियों में जो साथ देता है वह हमेशा याद रहता है। बाढ़ आपदा के समय सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवियों ने अन्नदान, वस्त्रदान और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराईं। यह अनुकरणीय और प्रेरणादायी कार्य है।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा – “देश हमें सब कुछ देता है, हमें भी कुछ देना चाहिए। इस भावना को दमोह के समाजसेवियों ने सार्थक कर दिखाया। दमोह दिलदारों और दमदारों का जिला है। कलेक्टर साहब की प्रेरणा ने समाज को सेवा के लिए एकजुट किया है।

कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा कि दमोह ने यह साबित कर दिया कि यह जिला भी “दिलवालों का जिला” है। उन्होंने कहा – “एक छोटे से आवाह्न पर बड़ी संख्या में दान सामग्री और आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ, यहां तक कि दान लेने से मना करना पड़ा। आपकी सेवा भावना अनमोल है, इसका कोई मोल नहीं। यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

”कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों, महिला मंडलों, व्यापारिक संगठनों और व्यक्तिगत सहयोगियों को सम्मानित किया गया। संचालन विपिन चौबे और कृष्णा पटैल ने किया।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com