रोजगार सहायक डालचंद कुर्मी की संविदा सेवा समाप्त, पर्यूषण पर्व पर शुष्क दिवस और पथरिया में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन
दमोह।
जिला पंचायत दमोह के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे ने गंभीर अनुशासनहीनता प्रमाणित होने पर ग्राम पंचायत गर्रेह/बलेह, जनपद पंचायत हटा के ग्राम रोजगार सहायक डालचंद कुर्मी की संविदा सेवा समाप्त कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री कुर्मी द्वारा बिना पूर्व सूचना के समग्र आईडी डिलीट करने एवं सरकारी योजनाओं को बंद करने की शिकायत पाई गई थी। 26 अगस्त की जनसुनवाई में शिकायतकर्ता कन्छेदी ने बताया कि उनके परिवार की आईडी डिलीट होने से वे वृद्धा पेंशन, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना और बीपीएल राशन जैसी योजनाओं के लाभ से वंचित हो गए। इस पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी होने के बावजूद जवाब संतोषजनक न होने पर यह कार्रवाई की गई।
इधर, पर्यूषण पर्व के मद्देनजर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुधीर कुमार कोचर ने 31 अगस्त को शुष्क दिवस घोषित किया है। जिनशरणं जैन मंदिर एवं सदगुवां जैन मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम और भीड़ को देखते हुए संबंधित क्षेत्र की मदिरा दुकान दमोह-ई (हिरदेपुर) 31 अगस्त को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
इसके अलावा, जिले में वृहद ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन 04 सितंबर 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पथरिया में किया जाएगा। कलेक्टर कोचर ने आमजन, जनप्रतिनिधियों और युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि “रक्तदान न केवल किसी मरीज को जीवन दान देता है बल्कि पूरे परिवार को नई उम्मीद भी प्रदान करता है।”


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..