-सीईओ फुलपगारे ने किया हाथीभर पड़वा का दौरा, खेत तालाब, मिल्क कलेक्शन सेंटर और नवाचार कार्यों की सराहना..
दमोह।जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे ने पटेरा ब्लॉक के बेलखेड़ी पंचायत अंतर्गत ग्राम हाथीभर पड़वा का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।आजीविका मिशन एवं प्रदान संस्था की तकनीकी साझेदारी से ग्राम में मनरेगा के अंतर्गत 9 खेत तालाबों का निर्माण किया गया है। सीईओ ने इस कार्य को सराहनीय बताते हुए कहा कि खेत तालाब श्रृंखला आधारित अप्रोच से किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा मिली है, जिससे बहुफसलीय खेती संभव हो रही है। इससे किसानों की आय बढ़ी है, भूजल स्तर में सुधार आया है और प्रवासी मजदूर भी वापस लौट रहे हैं।

भ्रमण के दौरान सीईओ ने ग्राम हिनौती में स्थापित मिल्क कलेक्शन सेंटर का भी निरीक्षण किया और महिला स्व-सहायता समूहों से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा करते हुए भविष्य में पशुशेड निर्माण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर बल दिया। जानकारी के अनुसार पटेरा ब्लॉक में अब तक 17 मिल्क कलेक्शन सेंटर स्थापित किए गए हैं, जिनसे 600 किसान जुड़े हैं और प्रतिमाह लगभग 60 हजार लीटर दूध संग्रहित किया जा रहा है। सभी केंद्रों का संचालन महिला FIG द्वारा किया जा रहा है।इसके साथ ही सीईओ श्री फुलपगारे ने ग्राम मुंडी डोंगरी में ग्राफ्टेड बैंगन का प्रदर्शन प्लॉट भी देखा और ऐसी गतिविधियों को विस्तार देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नस्ल सुधार, KCC से किसानों को जोड़ना, पशुशेड निर्माण, चारा विकास और कृत्रिम गर्भाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आजीविका मिशन और प्रदान संस्था के प्रयास दमोह जिले को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएँगे।इस अवसर पर प्रदान संस्था की टीम से राकेश जाखड़, गोपाल यादव, राहुल पटेल, निरंजन पटेल, भगवानदास यादव, जगदीश, राजेश यादव, आजीविका मिशन से राकेश सेन, तथा ग्रामीणों के साथ जय श्रीराम महिला समूह की सदस्याएँ उपस्थित रहीं।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..