धार्मिक आयोजनों में शांति बनाए रखने कलेक्टर कोचर का आदेश
4 से 7 सितम्बर तक अधिकारी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे
दमोह :
जिले में गणेशोत्सव, पर्यूषण पर्व, अनंत चतुर्दशी (गणेश विसर्जन) एवं ईद-मिलाद-उन-नबी जैसे प्रमुख धार्मिक आयोजन एक साथ होने जा रहे हैं। इन आयोजनों के दौरान शांति, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने हेतु कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार कोचर ने आदेश जारी किए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राजस्व, पंचायत, नगरीय निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत, होमगार्ड, लोक निर्माण, आबकारी आदि विभागों के प्रमुख एवं अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े अधिकारी 4 से 7 सितम्बर तक बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। पर्वों के दौरान अधिकारी पूर्णत: सतर्क और उपलब्ध रहें। आदेश का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
दमोह के विकास पर मैनिट टीम की रिपोर्ट होगी दूरगामी कदम – कलेक्टर
देशभर से आए 40 विद्यार्थियों ने किया ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों का भ्रमण
दमोह :
मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) भोपाल से आए 40 विद्यार्थी और 3 फैकल्टी सदस्य तीन दिवसीय अध्ययन भ्रमण पर दमोह पहुंचे। टीम ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों का भ्रमण कर संसाधनों और समस्याओं की मैपिंग की और जिले के लिए एक एक्जॉस्टिव प्लान तैयार करने पर कार्य किया।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिला कार्यालय में टीम के साथ विस्तृत चर्चा की और कहा कि मैनिट टीम की रिपोर्ट दमोह के लिए उपयोगी और दूरगामी साबित होगी। टीम में नॉर्थ-ईस्ट, साउथ-ईस्ट सहित पूरे देश के विद्यार्थी शामिल थे, जिससे दमोह में एक प्रकार से ‘लिटिल इंडिया’ का माहौल रहा।
कलेक्टर ने कहा कि इस अध्ययन से दमोह की छवि और वास्तविकताओं को पूरे देश में समझने और साझा करने का अवसर मिला है, जो जिले के लिए एक अच्छा अवसर है।
वनाधिकार पर राज्य स्तरीय टास्क फोर्स समिति का दमोह भ्रमण
ग्रामवासियों व अधिकारियों से बैठक कर दावों की प्रक्रिया पर चर्चा
दमोह :
वनाधिकार अधिनियम के दावों के निराकरण की प्रक्रिया और उससे जुड़ी चुनौतियों को समझने के लिए राज्य स्तरीय टास्क फोर्स समिति ने दमोह का भ्रमण किया। समिति सदस्यों गिरीश कुबेर, डॉ. रूप नारायण मांडवे और कालू सिंह मुजाल्दा ने ग्राम पुटदेहि, सर्रा और उन्हारी खेड़ा में ग्रामीणों से चर्चा की और विस्थापन व वनाधिकार संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
इसके बाद जिला कलेक्टर, वनमंडल अधिकारी (नौरादेही एवं दमोह), जिला पंचायत सीईओ, समस्त एसडीएम, जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक, जिला स्तरीय वनाधिकार समिति व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..