दमोह में संदिग्ध लोगों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस की दबिश, 65 से अधिक लोगों से होगी पूछताछ..

Spread the love

दमोह में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस की दबिश
60 से 65 लोगों से पूछताछ जारी, दस्तावेजों के साथ थाने बुलाया गया..

दमोह। शहर के चमन तिग्गड़ा और बिलवारी मोहल्ला सहित आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध रूप से रह रहे 60 से 65 लोगों की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को देर शाम सघन जांच अभियान चलाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग रत्न माला और कंबल-कपड़े बेचने का कार्य कर रहे हैं और इनमें हिंदू व मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग शामिल हैं, जो कि उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में किया गया। दबिश की कार्यवाही में सीएसपी एच.आर. पांडे और कोतवाली टीआई मनीष कुमार के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

दस्तावेज जांच के लिए थाने बुलाया..

पुलिस ने सभी संदिग्ध व्यक्तियों को 25 सितंबर सुबह 9:00 बजे तक अपने-अपने पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ कोतवाली थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनकी पहचान, ठहरने की अवधि और उद्देश्य की पुष्टि की जा सके।

किस उद्देश्य से दमोह में हैं — जांच जारी..

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह लोग शहर में घरेलू सामान और आभूषण (रत्न माला) बेचने का कार्य कर रहे हैं। इनमें से कुछ स्थानीय निवासियों के घरों में किराये पर या अन्यत्र ठहरे हुए हैं। हालांकि, इनकी दमोह में उपस्थिति कब से है, ये किसके संपर्क में हैं, और कितने समय तक रुकने वाले हैं—इस संबंध में फिलहाल जानकारी अपूर्ण है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।

पुलिस की सख्ती से मची हलचल..

शहर में अचानक हुई इस पुलिस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर हलचल देखी गई। मोहल्ले में रहने वाले कुछ लोगों ने बताया कि वे इन लोगों की मौजूदगी से अनजान थे। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अज्ञात व्यक्तियों की मौजूदगी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

पुलिस की अपील..

पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी मोहल्ले में अज्ञात व्यक्ति बिना जानकारी या दस्तावेजों के रह रहे हों, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी को सतर्क और सहयोगी बनना जरूरी है।

About The Author