मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती स्नेहा सिंह ने किया दमोह जिला जेल का आकस्मिक निरीक्षण..

Spread the love

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती स्नेहा सिंह ने किया दमोह जिला जेल का आकस्मिक निरीक्षण..

दमोह।मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) श्रीमती स्नेहा सिंह द्वारा आज जिला जेल दमोह का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल परिसर का व्यापक जायजा लिया और बंदियों से सीधे संवाद कर जेल में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिंह ने जेल प्रशासन से बंदियों की अधिवक्ता नियुक्ति, न्यायिक प्रक्रिया में सहायता, तथा अपील आदि से संबंधित विषयों पर चर्चा की और यह सुनिश्चित किया कि सभी बंदियों को विधिक सहायता समय पर एवं सुगमता से प्राप्त हो रही है या नहीं।

उन्होंने बंदियों से व्यक्तिगत रूप से बात कर उनकी समस्याओं को जाना तथा किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए उन्हें आश्वस्त किया कि न्यायपालिका उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है।इसके साथ ही, सीजेएम ने जेल में तैयार किए जा रहे भोजन का निरीक्षण कर उसकी गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की। भोजन की गुणवत्ता को संतोषजनक पाया गया और रसोईघर में स्वच्छता मानकों का पालन होते देखा गया।

जेल परिसर की साफ-सफाई की भी सराहना की गई और बंदियों द्वारा किसी प्रकार की असुविधा या शिकायत नहीं की गई।निरीक्षण के पश्चात सीजेएम श्रीमती स्नेहा सिंह ने जेल अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंदियों को उनके अधिकारों की पूरी जानकारी दी जाए और सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।

उन्होंने कहा कि जेल केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि सुधार का माध्यम भी होना चाहिए।इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सहयोगी नजर आया, और समग्र रूप से व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया गया।

About The Author