दमोह में हथियारबंद चोरों का आतंक: बैंक मैनेजर पर हमला, महिला को धक्का देकर गिराया, सिद्धिविनायक कॉलोनी के लोग दहशत में..
– पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल—
दमोह। शहर की पॉश कॉलोनी मानी जाने वाली सिद्धिविनायक कॉलोनी में बीती रात हथियारबंद आधा दर्जन चोरों ने जमकर आतंक मचाया। चोरों ने एक के बाद एक घरों के ताले तोड़े, विरोध करने पर सरकारी बैंक में पदस्थ मैनेजर गिरीश दुबे पर पत्थर से हमला कर दिया, वहीं उनकी पत्नी को बाहर निकलते ही धक्का देकर गिरा दिया, जिससे वह घायल हो गईं। घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच की है।

हैरानी की बात यह रही कि घटना की सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर जांच करने नहीं पहुंची, जिससे कॉलोनीवासियों में आक्रोश और दहशत दोनों का माहौल है।
—कैसे हुआ हमला? – पूरी वारदात की सिलसिलेवार..
जानकारीसिद्धिविनायक कॉलोनी में रहने वाले डॉ. नरेंद्र तिवारी ने बताया कि देर रात करीब 2:30 बजे पांच-छह युवक कॉलोनी में दाखिल हुए। सभी के चेहरे ढंके हुए थे और उनके हाथों में लोहे की रॉड, धारदार हथियार, और एक के हाथ में पिस्तौल थी।

सबसे पहले उन्होंने दो बंद मकानों के ताले तोड़े।फिर गौरीशंकर राय के घर में घुसकर अलमारी के लॉकर तोड़े, जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।इसके बाद चोर पंकज तिवारी के घर की ओर बढ़े, जहां उनकी पत्नी गीतू तिवारी की नींद खुल गई।वह जैसे ही बाहर आईं, चोरों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया।शोर सुनकर उनके पति पंकज भी जाग गए, जिसके बाद चोर वहां से भाग निकले।
इसी दौरान पास में ही रहने वाले सहकारी बैंक, नोहटा के मैनेजर गिरीश दुबे घर से बाहर निकले। एक चोर ने उन्हें देखते ही पत्थर मार दिया जो उनके कंधे पर लगा, और दूसरा चोर लोहे की रॉड लेकर उन्हें मारने दौड़ा। किसी तरह दुबे घर के अंदर भागे।

बैंक मैनेजर गिरीश दुबे ने बताया:
“मैं रात में घर में सो रहा था, तभी बाहर कुछ हलचल सी सुनी। घड़ी देखी तो 3 बजे थे। जैसे ही मैं बाहर निकला, एक चोर ने मुझे पत्थर मारा जो कंधे पर लगा। फिर दूसरा चोर लोहे की रॉड लेकर दौड़ा, मैं तुरंत अंदर भागा। चोरों के पास हथियार थे और उनके चेहरे ढंके हुए थे।
”उन्होंने यह भी बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई जांच नहीं की। सिर्फ एक आवेदन लिया गया, FIR दर्ज नहीं की गई है।
-हर साल ठंड में चोरों का हमला, अब तक नहीं पकड़ा कोई आरोपी..
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल ठंड के मौसम में चोरों की सक्रियता बढ़ जाती है। सिद्धिविनायक कॉलोनी, श्याम नगर और एसपीएम नगर में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
कॉलोनी के पीछे खुले खेतों से चोर घुसते हैं और वारदात के बाद वहीं से फरार हो जाते हैं। पुलिस तीन साल से इन चोरियों का खुलासा नहीं कर पाई है।
–सीसीटीवी में कैद हुए चोर..
कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की हरकतें कैद हो चुकी हैं। वीडियो में 5-6 युवक चेहरे ढंके और हथियारों से लैस नजर आ रहे हैं। एक के हाथ में बैग भी था, जिससे आशंका है कि वह पहले भी किसी घर में चोरी कर चुके थे।

—पुलिस गश्त पर सवाल, कॉलोनीवासियों की मांग: सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए..घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि:रात्रिकालीन गश्त नहीं होती अवैध शराब का कारोबार तेजी से फैल रहा है।
चौकी में स्टाफ की भारी कमी है कॉलोनी के अंतर्गत 5 से 6 कॉलोनियां आती हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजाम नाकाफी हैंलोगों का कहना है कि शांति समिति की बैठकों में भी गश्त बढ़ाने की मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।—
चौकी प्रभारी का बयान..
जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रशीता कुर्मी ने बताया कि:“सिद्धिविनायक कॉलोनी से चोरी की वारदात की जानकारी मिली है। शिकायतकर्ता ने आवेदन दिया है, जिस पर जांच दल गठित कर कार्यवाही की जा रही है। आवेदन में एक सोने की चेन और ₹20,000 नगदी चोरी होने का उल्लेख है।”
सी एस पी – एच आर पांडे का कहना है कि आपके माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई है मामले को दिखवाते है चौकी प्रभारी से मामले की जानकारी लेता हूं।
दमोह जैसे शहर की पॉश कॉलोनी में हथियारबंद चोरों का खुलेआम हमला न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि पुलिस की निष्क्रियता लोगों में गहरी नाराजगी भी पैदा कर रही है। लोगों की मांग है कि नियमित पुलिस गश्त, सीसीटीवी की मॉनिटरिंग और स्टाफ की पर्याप्त नियुक्ति की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..