लोको बस्ती में विजयदशमी उत्सव शस्त्र पूजन एवं पथ संचलन कार्यक्रम संपन्न..
दमोह के लोको बस्ती क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष और स्थापना दिवस के अवसर पर विजयदशमी उत्सव, शस्त्र पूजन और पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त डीएसपी क्राइम ब्रांच धन सिंह राजपूत एवं मुख्य वक्ता के रूप में राजीव कांत जी(जिला प्रमुख सेवा भारती)उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और पारंपरिक शस्त्र पूजन से किया गया।
मुख्य वक्ता राजीव कांत जी ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ का ध्येय है — “पंच परिवर्तन के माध्यम से राष्ट्र पुनर्निर्माण।” उन्होंने बताया कि संघ समाज में पाँच प्रमुख क्षेत्रों में जागरण का कार्य कर रहा है —
पहला – कुटुम्ब प्रबोधन: परिवार ही राष्ट्र की पहली पाठशाला है, इसलिए परिवार को संस्कारित करना ही सशक्त समाज का आधार है।
दूसरा – पर्यावरण संरक्षण: प्रकृति की रक्षा और जल, जंगल, जमीन के संतुलन के लिए प्रत्येक नागरिक का योगदान आवश्यक है।
तीसरा – सामाजिक समरसता: जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर सभी को ‘एक भारत’ के सूत्र में बांधना ही संघ का संदेश है।
चौथा – नागरिक कर्तव्य: हर नागरिक अपने कर्तव्यों को समझे और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।
पांचवां – स्वदेशी और आत्मनिर्भरता: देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्थानीय उत्पादों को अपनाना और स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग बढ़ाना आवश्यक है।
राजीव कांत जी ने कहा कि यही पाँच परिवर्तन — संघ के शताब्दी वर्ष में राष्ट्र पुनर्निर्माण का आधार बनेंगे।
उनके उद्बोधन के बाद स्वयंसेवकों द्वारा भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया, जो रेलवे ग्राउंड से प्रारंभ होकर लोको बस्ती के मुख्य मार्गों से होकर गुजरा। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा की और जगह-जगह संघ पथ संचलन का स्वागत किया।
लोको बस्ती से होता हुआ संचलन पुनः रेलवे ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, सामाजिक संगठन और बस्ती के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..