राज्यमंत्री लखन पटेल ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण, तिरमुड़ा में चौपाल लगाकर सुनीं समस्याएं..

Spread the love

राज्यमंत्री लखन पटेल ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण, तिरमुड़ा में चौपाल लगाकर सुनीं समस्याएं..

दमोह। प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने गुरुवार, 16 अक्टूबर 2025 को दमोह जिले में विकास कार्यों को गति दी। उन्होंने पथरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम निबौराकला और हिंगवानी में नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया और इसके बाद ग्राम तिरमुड़ा पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।

​निबौराकला और हिंगवानी में उप-स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण

​राज्यमंत्री श्री पटेल ने निबौराकला और हिंगवानी में 65-65 लाख रुपये की लागत से बने उप-स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर एक सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) और एक एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) की तैनाती होगी, जिससे ग्रामीणजनों को प्राथमिक उपचार गाँव में ही मिल सकेगा।

ग्रामीण विकास पर जोर: श्री पटेल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गांव के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है, जिसमें सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

सिंचाई योजनाओं से 38 गांवों को लाभ: किसानों के लिए उन्होंने पंचमनगर और जूड़ी परियोजना का उल्लेख करते हुए बताया कि जूड़ी का काम पूरा हो चुका है और इन योजनाओं से लगभग 38 गांवों में सिंचाई के लिए पानी पहुंचाया जाएगा।

सड़क निर्माण: उन्होंने बताया कि पथरिया विधानसभा में 67 सड़कें स्वीकृत हुई हैं, और अब मजरों-टोलों में भी सड़कें बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने टिकरिया से बड़े गांव तक 8.5 करोड़ रुपये की लागत से सड़क स्वीकृत होने की जानकारी भी दी।

दीपावली शुभकामनाएं: श्री पटेल ने सभी ग्रामवासियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मंशा हर व्यक्ति की सेवा करना और उसके काम आना है।

​तिरमुड़ा में चौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

​लोकार्पण कार्यक्रम के बाद राज्यमंत्री श्री पटेल ग्राम तिरमुड़ा पहुँचे और चौपाल में बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामवासियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

बिजली समस्या का तुरंत समाधान: ग्रामीणों द्वारा बिजली की समस्या बताए जाने पर, राज्यमंत्री ने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आज ही गांव में आकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

पेयजल आपूर्ति के लिए आश्वासन: उन्होंने पेयजल संबंधी चर्चा करते हुए कहा कि ग्राम में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन डाली जाएगी और एजेंसी द्वारा रोड रिस्ट्रोरेशन कार्य भी किया जाएगा। इस दौरान सीईओ जनपद पंचायत बटियागढ़ ए.के सिंह और तहसीलदार योगेन्द्र चौधरी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com