धर्मांतरण और लव जिहाद के खिलाफ अनुसूचित जाति जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले विश्व हिंदू परिषद ने किया धरना-प्रदर्शन
कीर्ति स्तंभ चौराहे पर जताया विरोध, कठोर कानून बनाने की मांग
दमोह। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के राष्ट्रीय आह्वान पर अनुसूचित जाति जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले विश्व हिंदू परिषद महाकौशल प्रांत, जिला दमोह द्वारा धर्मांतरण और लव जिहाद के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय कीर्ति स्तंभ चौराहे पर धरना एवं प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता रही।
प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि पूर्व रिटायर्ड जज नारीमन, जो स्वयं ईसाई हैं, ने ईसाई संगठनों के साथ मिलकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की है। इसमें मांग की गई है कि भारत के उन राज्यों में जहां धर्मांतरण रोकने के लिए धर्म स्वतंत्रता अधिनियम लागू है, उन कानूनों को रद्द किया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर तुरंत सुनवाई करते हुए राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, महिला आयोग और बाल संरक्षण आयोग को नोटिस जारी किए, लेकिन अनुसूचित जाति और जनजाति आयोग को नजरअंदाज कर दिया गया।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरियों और इस्लामिक जेहादी संगठनों द्वारा सबसे अधिक धर्मांतरण अनुसूचित जाति और जनजाति समाज में हो रहा है, जिससे नागा और बोडो जैसी जनजातियां विलुप्ति की कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण केवल धार्मिक नहीं बल्कि “राष्ट्रांतरण” है, जो देश की एकता और सांस्कृतिक पहचान को कमजोर करता है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि देशभर में धर्मांतरण के खिलाफ कठोर कानून बनाए जाएं और दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दी जाए। साथ ही, जो शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थाएं धर्मांतरण को बढ़ावा देती हैं, उन्हें तत्काल बंद कर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विदेशी फंडिंग से चलने वाले एनजीओ के माध्यम से धर्मांतरण फैलाया जा रहा है, जिस पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए।
इस धरना प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत, जिला, नगर और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..