न्यू स्कॉर्पियो पलटने से भीषण हादसा: एक महिला की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल, आबकारी आरक्षक ने दिखाई तत्परता..

Spread the love

दमोह। गमी (शोक सभा) में शामिल होने दमोह आ रहा एक परिवार आज सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। तेज रफ्तार न्यू स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलटने से यह हादसा हुआ, जिसमें एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित कुल एक दर्जन लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

हादसे का स्थान और कारण

​यह दर्दनाक घटना दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर नाका चौकी के समीप बांसा तारखेड़ा के आगे सरखड़ी के पास घटी। पुलिस के अनुसार, न्यू स्कॉर्पियो (क्रमांक MP 18 CA 6777) तेज रफ्तार में थी, जिसके चलते चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर बुरी तरह पलट गया। परिजनों ने बताया कि परिवार देवरी से दमोह एक गमी में शामिल होने के लिए आ रहा था।

आबकारी आरक्षक बना देवदूत

​हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। उसी दौरान वहां से गुजर रहे आबकारी आरक्षक तपिश ने मानवता का परिचय दिया और बिना कोई समय गंवाए तुरंत अपने चार पहिया वाहन से गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया। उनकी इस तत्परता ने कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

​घटना की जानकारी मिलते ही सागर नाका चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी, प्रआ हर्ष पाठक, और आरक्षक दीपेंद्र तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने अन्य घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।

एक महिला की मौत, पांच घायल

​जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर कौशिकी सिंह राजपूत, डॉक्टर यशपाल और डॉ विक्रम की टीम ने घायलों का चेकअप शुरू किया। दुर्भाग्यवश, न्यू स्कॉर्पियो में सवार चंद्रावती पति बंधू दुबे (उम्र 60 वर्ष, निवासी सुर्खी) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

​वहीं, अन्य घायलों में श्याम दुबे पिता गोपाल दुबे (39 वर्ष), गोपाल प्रसाद दुबे, प्रेम रानी दुबे (उम्र 65 वर्ष), रश्मि श्याम दुबे (उम्र 35 वर्ष) (सभी निवासी सिंगपुर देवरी) और सरिता पांडे (उम्र 50 वर्ष, रहली) का उपचार किया जा रहा है।

कानूनी कार्रवाई

​पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल पहुंचे चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी, प्र. आ. नीरज श्रीवास्तव और आरक्षक शहबाज ने मृतक महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com