दमोह में भीषण सड़क हादसा: युवक की मौके पर मौत, बाइक जलकर हुई खाक…

Spread the love

दमोह में भीषण सड़क हादसा: युवक की मौके पर मौत, बाइक जलकर हुई खाक…

दमोह। जिले के जबलपुर मार्ग पर चिरईचौंच के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेजगढ़ पिपरिया निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई और वह पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राम अवतार पिता लखन यादव, उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी तेजगढ़ पिपरिया, थाना तेजगढ़ के रूप में हुई है।

अनियंत्रित होकर टकराई बाइक, युवक ने तोड़ा दम..

बताया जा रहा है कि राम अवतार किसी काम से दमोह की ओर आ रहा था। चिरईचौंच के पास अचानक उसकी मोटर साइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक राम अवतार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद बाइक में लगी भीषण आग..

हादसे के कुछ ही देर बाद मृतक की बाइक में आग लग गई, और देखते ही देखते पूरी मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई। इस घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमोह फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस ने शुरू की जांच..

देहात थाना पुलिस और नोहटा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

ग्रामीणों ने उठाई सड़क सुरक्षा की मांग..

ग्रामीणों ने बताया कि जबलपुर मार्ग पर रात के समय वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क पर अपर्याप्त रोशनी के कारण इस क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा के उपाय बढ़ाने और गति नियंत्रण के लिए कदम उठाने की सख्त मांग की है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com