
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट सक्रिय, साइबर ठगों ने की धोखाधड़ी की कोशिश
दमोह। जिले में साइबर ठगी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। अब ठगों ने सीधे जिला प्रशासन को निशाना बनाया है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के नाम और उनकी तस्वीर का दुरुपयोग करते हुए एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस फर्जी खाते का उपयोग लोगों को संदेश भेजने और उनसे बात करने की कोशिश के लिए किया जा रहा था।
कलेक्टर ने एसपी को लिखा पत्र, सख्त कार्रवाई के निर्देश
इस गंभीर मामले के प्रकाश में आते ही, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने तत्काल पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी को एक लिखित पत्र भेजा है और संबंधित फर्जी नंबर 84915677074 के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर कोचर ने बताया कि इस फर्जी व्हाट्सएप नंबर से उनके नाम पर न केवल लोगों को संदेश भेजे जा रहे थे, बल्कि अन्य प्रकार की धोखाधड़ी के लिए बातचीत करने का प्रयास भी किया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह साइबर फ्रॉड और धोखाधड़ी का सीधा प्रयास है।
नागरिकों से अपील: संदिग्ध संदेशों पर भरोसा न करें
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर उनके नाम या किसी अन्य अधिकारी के नाम से प्राप्त होने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश पर कतई भरोसा न करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे संदेशों की सत्यता की पुष्टि किए बिना उन्हें साझा न करें और किसी भी प्रकार की वित्तीय या व्यक्तिगत जानकारी किसी को न दें।
उन्होंने नागरिकों से यह भी अपील की है कि अगर उन्हें इस तरह का कोई फर्जी या संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है, तो वे तुरंत इसकी सूचना पुलिस या जिला प्रशासन को दें, ताकि साइबर अपराधियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन साइबर अपराधों से निपटने के लिए पूरी तरह से सतर्क है और इस प्रकार की धोखाधड़ी रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस द्वारा अब इस फर्जी अकाउंट को संचालित करने वाले साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी गई है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..