बांदकपुर धाम में कॉरिडोर निर्माण की धीमी रफ्तार पर शिवभक्तों की चिंता, पर्यटन संस्कृति मंत्री से निरीक्षण की मांग..

Spread the love

दमोह/बांदकपुर।
श्री जागेश्वरनाथ महादेव जी की पावन नगरी बांदकपुर धाम में भव्य कॉरिडोर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। वर्तमान में यह कार्य मंदिर के पीछे करौंदी नाले की ओर से किया जा रहा है। हालांकि, निर्माण की धीमी गति और गुणवत्ता को लेकर शिवभक्तों ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

संघर्ष अभियान से जुड़े शिवभक्तों द्वारा हर माह एक दिन बैठक कर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया जाता है। हाल ही में हुई बैठक में भक्तों ने पाया कि कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है और गुणवत्ता को लेकर कई शंकाएँ हैं। निर्माण स्थल पर जानकारी देने वाला कोई व्यवस्थित बोर्ड भी नहीं लगाया गया है।

पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा बांदकपुर में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें जिला मुख्य न्यायाधीश महोदय, दमोह कलेक्टर, मंदिर ट्रस्ट समिति और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बावजूद इसके, भक्तों का कहना है कि निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता में अभी बहुत सुधार की आवश्यकता है।

शिवभक्तों ने कहा कि यह भव्य कॉरिडोर निर्माण आने वाली 200–500 वर्षों की धरोहर के रूप में स्थापित होगा, इसलिए इसकी गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से बरसात के समय मंदिर के पीछे होने वाले जलभराव और करौंदी नाले की निकासी व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की।

भक्तों का कहना है कि जल निकासी की उचित योजना के बिना निर्माण की ऊँचाई और स्थायित्व पर प्रश्नचिह्न लग सकता है। साथ ही उन्होंने मांग की कि मंदिर प्रांगण का चौड़ीकरण, सुलभ कॉम्प्लेक्स का दूरी पर निर्माण, तथा पुराने बगीचे व पौधों का संरक्षण किया जाए।

रविवार को शिवभक्तों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और साइट मैनेजर विष्णु तिवारी से चर्चा कर सभी जानकारी को स्थल पर लगे बोर्ड पर प्रदर्शित करने का आग्रह किया।

भक्तों ने प्रमुख रूप से मध्यप्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह से आग्रह किया है कि वे शीघ्र ही कॉरिडोर निर्माण स्थल का निरीक्षण करें और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दें। साथ ही दमोह जिले के सभी जनप्रतिनिधियों से भी निर्माण स्थल का दौरा कर कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा की समीक्षा करने का अनुरोध किया गया है।

शिवभक्तों ने समस्त श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से बांदकपुर धाम आने पर निर्माण स्थल का निरीक्षण कर सुझाव देने की भी अपील की है।


About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com