फर्जी पोस्ट पर कलेक्टर की सख्त चेतावनी, आमजन से सतर्क रहने की अपील..

Spread the love

अलर्ट! कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर की ‘मॉर्फ्ड फोटो’ वायरल — फर्जी पोस्ट पर कलेक्टर की सख्त चेतावनी, आमजन से सतर्क रहने की अपील

दमोह।
दमोह जिले में सोशल मीडिया पर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर की एक मॉर्फ्ड (फर्जी) फोटो वायरल होने का मामला सामने आया है। इस फोटो में एक युवक कलेक्टर से मुलाकात और चर्चा का दावा कर रहा है, जबकि कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि ऐसी कोई मुलाकात हुई ही नहीं और वायरल फोटो पूरी तरह झूठी एवं AI तकनीक से मॉर्फ की गई है।

कलेक्टर श्री कोचर ने मीडिया के माध्यम से बताया कि उन्हें जानकारी मिली कि एक युवक ने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर के साथ “मुलाकात” का दावा करते हुए फोटो शेयर की है। जांच में पाया गया कि यह फोटो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाई गई है।

“ना ही ऐसा कोई व्यक्ति मुझसे मिला है, ना किसी प्रकार की चर्चा हुई है। फोटो को एआई की मदद से मॉर्फ किया गया है,”कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर

कलेक्टर ने बताया कि इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को भेजी जा चुकी है, और तकनीकी जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर का कोई व्यक्तिगत सोशल मीडिया अकाउंट नहीं

श्री कोचर ने इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की — उनका कोई भी व्यक्तिगत सोशल मीडिया अकाउंट नहीं है।
उन्होंने साफ कहा:

“ना मैं X (ट्विटर) पर हूँ।”

“ना फेसबुक पर हूँ।”

“ना इंस्टाग्राम पर हूँ।”

कलेक्टर ने बताया कि उनके नाम से चल रहे जो भी अकाउंट हैं, वे केवल आधिकारिक पदनाम ‘कलेक्टर दमोह’ से संबंधित हैं।

कलेक्टर कोचर ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक और फर्जी पोस्टों पर विश्वास न करें, और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन या पुलिस को तुरंत दें।

“अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचें, सतर्क रहें, और प्रशासन को सहयोग दें।”कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर


फर्जी अकाउंट्स पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने कहा है कि फर्जी अकाउंट्स और मॉर्फ्ड कंटेंट के खिलाफ साइबर जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों की पहचान के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर यह चेतावनी देती है कि एआई और मॉर्फिंग तकनीक का दुरुपयोग समाज में गलत सूचनाएँ फैलाने का साधन बनता जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर साझा की जाने वाली सामग्री की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे आगे न बढ़ाएँ।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com