कटनी ब्रेकिंग: बजरंग दल नेता हत्याकांड से थर्राया कैमोर, संदिग्ध आरोपी के माता-पिता की आत्महत्या से दोहरा हड़कंप..
कटनी/कैमोर। उद्योग नगरी के नाम से जाने जाने वाले कैमोर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता दिख रहा है। सोमवार को बजरंग दल के जिला पदाधिकारी और भाजपा बूथ अध्यक्ष नीलू रजक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के बाद जहां क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है, वहीं मंगलवार को इस हत्याकांड से जुड़ी एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है।

पुरानी रंजिश में हुई नीलू रजक की हत्या
जानकारी के अनुसार, सोमवार को नीलू रजक को एक अज्ञात नकाबपोश युवक ने नजदीकी से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। यह वारदात पुरानी रंजिश को लेकर उपजे विवाद का परिणाम बताई जा रही है। घटना के बाद से ही कैमोर में हालात सामान्य नहीं हैं और नगर वासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और मुख्य आरोपियों की तलाश में शिकंजा कसना शुरू कर दिया था।

आरोपी के माता-पिता की आत्महत्या से मामला गरमाया….
पुलिस जहां हत्याकांड के मुख्य आरोपियों प्रिंस जोसफ और उसके एक साथी (जिसका दो महीने पहले नीलू रजक से विवाद हुआ था) की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, वहीं प्रिंस के घर में दोहरा हादसा हो गया।
- पिता ने लगाई फांसी: मंगलवार दोपहर संदिग्ध आरोपी प्रिंस जोसफ के पिता जोसफ (पेशे से बस ड्राइवर) ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि पुत्र के हत्या के आरोप में पुलिस की लगातार दबिश और इससे व्यथित होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
- माँ ने खाया जहर: पति को फांसी पर लटका देख सदमे में आई आरोपी प्रिंस की माँ ने भी जहर खाकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालांकि कुछ स्थानीय सूत्रों ने उनकी भी मौत होने की जानकारी दी है।
पिता और माँ की आत्महत्या की इस बड़ी घटना से कैमोर में हालात नाजुक बन गए हैं और मामला और भी ज्यादा गर्मा गया है।
भारी पुलिस बल तैनात, वरिष्ठ अधिकारी कैमोर में मौजूद…..
गोलीकांड और उसके बाद हुई आत्महत्या की इस बड़ी घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए संभागीय आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी अतुल सिंह और एसपी अभिनय विश्वकर्मा सहित स्थानीय विधायक संजय पाठक भी कैमोर में मौजूद हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपियों की तलाश में तेजी ला दी है।

सांसद वीडी शर्मा ने की कड़ी कार्रवाई की मांग…
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद वीडी शर्मा ने कहा है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों को संरक्षण देने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..