दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोह-कटनी बाईपास मार्ग स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गमी से लौट रहे लोगों से भरी ऑटो रिक्शा को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में ऑटो चालक समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 और 112 की मदद से दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना में 60 वर्षीय वृद्ध महिला बतीबाई पति महाराज सिंह, निवासी राजा पटना की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं तीन महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें डॉक्टरों की टीम ने जबलपुर रेफर किया है। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

घायलों में महेंद्र (35), विनीता (40), हल्की बाई (35), चंदाबाई (45), बैनी बाई (25), ऑटो चालक जगत (42), चंदाबाई (60), रचना बाई (50), इमरतबाई (45), दिलीप सिंह (50) और बबीता (40) शामिल हैं। सभी निवासी राजा पटना गांव के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग राजा पटना से आनू गांव में एक गमी में शामिल होने गए थे और लौटते वक्त यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही एसडीएम आर.एल. बागरी, सीएसपी एच.आर. पांडे, तहसीलदार रॉबिन जैन, देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा सहित पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।

दमोह जिला अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद सिंह पटेल के नेतृत्व में डॉक्टर उमेश तंतुवाय, मुकेश जैन, पीयूष निमाड़े, वीरेंद्र सिंह, चक्रेश चौधरी, ऊर्जा झरिया, सौरभ मिश्रा, एन.के. पटेल सहित नर्सिंग स्टाफ ने घायलों के इलाज में सहयोग किया।
प्रशासन ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच की जा रही है।


More Stories
उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..
सत्ता में रहकर शासन के खिलाफ बोलना साहस की बात, भ्रष्टाचार उजागर करें पूर्व मंत्री-विधायक : नितिन मिश्रा..
जर्जर धर्मशाला को तत्काल खाली कराकर गिराने की मांग, हादसे की आशंका जताई..