स्कूटी की टक्कर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गंभीर घायल, जबलपुर रेफर..
हटा के कचहरी तिगड्डा पर हुआ हादसा, एसडीएम की तत्परता से मिला इलाज..
दमोह/हटा। दमोह जिले के हटा नगर में गुरुवार की सुबह एक सड़क हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गईं। हटा के कचहरी तिगड्डा पर उन्हें एक स्कूटी सवार युवती ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले हटा और फिर दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है।
रांग साइड से आ रही स्कूटी ने मारी टक्कर
पटेरा ब्लॉक के पटना लुहारी आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता और बीएलओ के पद पर पदस्थ घायल सोनू मिश्रा (उम्र 44) ने बताया कि यह घटना गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे की है। वह अपने केंद्र पटना लुहारी जा रही थीं। इसी दौरान हटा के कचहरी तिराहा पर सामने से एक स्कूटी सवार युवती रांग साइड से आई और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
एसडीएम की तत्परता से मिला तत्काल उपचार
हादसे के तुरंत बाद उन्हें हटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घायल सोनू मिश्रा ने तत्काल दमोह एसडीएम आर.एल. बागरी को घटना की सूचना दी। एसडीएम बागरी ने तुरंत मामले को दिखवाने की बात कही। एसडीएम की इस तत्परता के कारण ही दमोह जिला अस्पताल में उनका इलाज तुरंत शुरू हो गया।
जिला अस्पताल में उनका एक्स-रे कराया गया। ड्यूटी डॉक्टर एनके पटेल ने बताया कि घायल के पैरों में दो जगह फ्रैक्चर है, जिसके चलते उन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
उधर, हटा थाना प्रभारी धमेंद्र उपाध्याय ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली थी और तत्काल 112 डायल की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..