दमोह में कसाई मंडी पर बवाल: गौसेवकों पर हुआ हमला, घंटाघर पर जाम – पुलिस ने 9 आरोपियों पर दर्ज की एफआईआर
गौवंश हत्या की सूचना पर पहुंचे गौसेवकों पर हमला
घंटाघर पर जाम, शहर में तनाव का माहौल
पुलिस का कहना – गाय नहीं, भैंस का वध हुआ
दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज, 9 आरोपी नामजद
समुदाय ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की
दमोह। शुक्रवार की शाम शहर के कसाई मंडी क्षेत्र में उस समय तनाव फैल गया जब गौवंश हत्या की सूचना पर पहुंचे गौसेवकों पर कसाईयों ने पुलिस के सामने ही हमला कर दिया। इस घटना के बाद माहौल गर्म हो गया और हिंदू संगठनों ने शहर के प्रमुख चौराहे घंटाघर पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।
पुलिस के अनुसार, मौके पर गाय नहीं बल्कि भैंस के पड़े का वध हुआ था। इसके बावजूद घटना ने सांप्रदायिक रंग ले लिया। पुलिस ने देर शाम दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कीं — एक पशुवध के मामले में और दूसरी गौसेवकों व स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद को लेकर।
कसाईयों ने किया हमला, गौसेवक भागकर बचे
गौसेवक नित्या प्यासी ने बताया कि शाम को सूचना मिली थी कि कसाई मंडी में गौहत्या की गई है। सूचना पर वे और कुछ साथी मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी बुलाया। तभी वहां मौजूद मुरसलीन कुरैशी, मुन्ना कुरैशी, फहीम और अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। गौसेवक किसी तरह अपनी जान बचाकर निकले।
घंटाघर पर जाम, बढ़ा तनाव
घटना की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी घंटाघर पहुंच गए। सैकड़ों लोगों ने जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। कई दुकानदारों ने सुरक्षा के चलते शटर बंद कर लिए। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया।
पुलिस का बयान
एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि जांच में यह पाया गया कि मौके पर भैंस के पड़े की हत्या हुई थी, गाय की नहीं। उन्होंने कहा कि दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं और वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ऐसे खाली और अवैध मकानों की पहचान की जा रही है जहाँ इस तरह की गतिविधियाँ हो रही हैं।
9 आरोपियों पर केस दर्ज
देर रात पुलिस ने मुरसलीन कुरैशी, फहीम कुरैशी, समीर कुरैशी, शंभू चाचा खान, साहित कुरैशी, आकाश डूठा, छिंगे कुरैशी, फैजान खान सहित नौ लोगों पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने कसाई मंडी में दबिश भी दी।
समुदाय ने की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग कसाई मंडी चौकी पहुंचे और कहा कि कुछ लोगों के कार्यों से पूरे समाज को बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पुलिस केवल असली आरोपियों पर ही कार्रवाई करे, निर्दोष लोगों को परेशान न किया जाए।
पुलिस की चेतावनी
सीएसपी एच.आर. पांडेय ने लोगों से कहा कि पशुवध कानूनन अपराध है, इसलिए इस तरह की घटनाओं को समाज खुद भी रोकने का प्रयास करे। अगर आगे ऐसी कोई घटना होती है, तो पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..