पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना हमारी जिम्मेदारी — राज्यमंत्री पटेल..बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत तेंदूखेडा में एक माह का वोकेशनल प्रशिक्षण प्रारंभ..

Spread the love

पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना हमारी जिम्मेदारी — राज्यमंत्री पटेल..

दमोह।
ग्राम इमलीजोग में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री लखन पटेल ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि “पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ योग्य व्यक्तियों तक समय पर और व्यवस्थित रूप से पहुँचना चाहिए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर में पहुँचे अधिकांश नागरिकों की प्रमुख समस्याओं में बीपीएल सूची में नाम जोड़ना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त करना शामिल रहा। राज्यमंत्री पटेल ने इन सभी आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्युत विभाग की समाधान योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि इसकी जानकारी हर नागरिक तक पहुँचे ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया और अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।


बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत तेंदूखेडा में एक माह का वोकेशनल प्रशिक्षण प्रारंभ..

दमोह।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में तेंदूखेड़ा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत ममता संस्था के सहयोग से सेडमैप द्वारा रेडीमेड गारमेंट्स का एक माह का स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण 19 नवम्बर से प्रारंभ किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे ने उपस्थित बालिकाओं को प्रशिक्षण में नियमित रूप से सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक ने विभागीय उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

यूनिसेफ कोऑर्डिनेटर वीरेंद्र जैन ने बाल विवाह रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी, जबकि देवेंद्र दुबे ने सभी बालिकाओं को बाल विवाह न करने की शपथ दिलाई तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर की जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्री राय, सेडमैप जिला समन्वयक पी.एन. तिवारी तथा पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आशीष श्रीवास्तव, संजय गर्ग और रेखा लोधी द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com