कड़ाके की ठंड में कलेक्टर का औचक निरीक्षण: रैन बसेरों में भारी अव्यवस्था, यात्रियों को भगाने वाले कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई
दमोह। बढ़ती और कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंद यात्रियों और मरीजों के परिजनों को राहत देने के लिए बनाए गए रैन बसेरों की व्यवस्थाओं में बड़ी लापरवाही सामने आई है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिला अस्पताल परिसर और बस स्टैंड पर संचालित रैन बसेरों का अचानक निरीक्षण किया, जहां अव्यवस्थाएं देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और लापरवाह कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
रैन बसेरे खाली मिले, स्थानीय लोगों ने की शिकायत
कलेक्टर कोचर ने सबसे पहले जिला अस्पताल परिसर में नगर पालिका द्वारा संचालित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। इसके बाद वे बस स्टैंड पर नवनिर्मित रैन बसेरे का हाल जानने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान दोनों ही रैन बसेरों में एक भी यात्री नहीं ठहरा था, जिससे कलेक्टर हैरान रह गए।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने कलेक्टर से शिकायत की कि रैन बसेरे के ड्यूटी स्टाफ ने उन्हें ठहरने से मना कर दिया। भीषण ठंड में न बिस्तर की व्यवस्था थी, न ही अलाव की। इसके चलते कई जरूरतमंद लोग कड़ाके की ठंड में खुले में रात बिताने को मजबूर हुए।
कलेक्टर ने मांगी माफ़ी, कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश
यात्रियों और स्थानीय लोगों की शिकायतें सुनने के बाद कलेक्टर श्री कोचर ने व्यवस्थाओं पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सार्वजनिक रूप से लोगों से रैन बसेरों की अव्यवस्थाओं के लिए माफी भी मांगी।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए, कलेक्टर ने संबंधित रैन बसेरा कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करने की कार्रवाई के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए।
व्यापक प्रचार और 24 घंटे स्टाफ की तैनाती के निर्देश
कलेक्टर कोचर ने अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं:
व्यापक प्रचार-प्रसार: दोनों रैन बसेरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि हर जरूरतमंद को इसकी जानकारी हो।
हेल्पलाइन नंबर: रैन बसेरों की दीवारों पर दमोह हेल्पलाइन नंबर स्पष्ट रूप से लिखवाए जाएँ।
स्टाफ उपस्थिति: यह सुनिश्चित किया जाए कि कर्मचारी 24 घंटे रैन बसेरों में मौजूद रहें, ताकि किसी भी यात्री या जरूरतमंद को ठहरने में परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह ठाकुर और सिविल सर्जन जिला अस्पताल डॉ. प्रह्लाद पटेल भी कलेक्टर के साथ मौजूद रहे।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..