तिदोनी प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की मुस्कान बनी प्रेरणा
एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बढ़ाया हौसला, ग्रामीण विकास समिति ने बांटी शैक्षणिक सामग्री
दमोह। जिले के विकासखंड दमोह के ग्राम तिदोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार का दिन बच्चों के लिए उत्साह और खुशियों से भरा रहा। ग्रामीण विकास समिति द्वारा आयोजित शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रम में 100 बच्चों को स्कूल बैग, कॉपियां, पेन-पेंसिल सहित आवश्यक अध्ययन सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे दमोह पुलिस अधीक्षक (IPS) श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के महत्व पर सवाल पूछा— “पढ़ाई क्यों ज़रूरी है?” इस पर छोटे-छोटे बच्चों ने उत्साहित होकर उत्तर दिया— “डॉक्टर बनते हैं, इंजीनियर बनते हैं, पुलिस बनते हैं, बड़े अधिकारी बनते हैं।”
बच्चों का उत्तर सुनकर मुस्कुराते हुए एसपी सोमवंशी ने कहा—
“आप सभी नियमित स्कूल आएं, मन लगाकर पढ़ाई करें। जल्द ही मैं अपने परिवार के साथ आपसे फिर मिलने आऊंगा, खेलेंगे, बातें करेंगे और साथ में टिफिन भी शेयर करेंगे।”
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बिस्किट और टॉफियां भी वितरित की गईं, जिससे माहौल आनंद और उल्लास से भर गया।
इस अवसर पर देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा , ग्राम पंचायत कुंवरपुर खेजरा के सरपंच प्रतिनिधि सोमेश गुप्ता, विद्यालय स्टाफ तथा ग्रामीण विकास समिति से राजकिशोर सेन, गोविंद यादव, विनीत द्विवेदी, दीपिका ठाकुर एवं रोशनी गौड़ उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार एवं ग्रामीण विकास समिति ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। बच्चों की गूंजती तालियों और मासूम मुस्कानों के बीच कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..