पीएचसी मामला: 6 अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस, सुरक्षा कर्मी की सेवाएं समाप्त..

Spread the love

रनेह पीएचसी मामला: 6 अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस, सुरक्षा कर्मी की सेवाएं समाप्त..

दमोह।
विकासखंड हटा के ग्राम रनेह स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 16 दिसंबर की रात प्रसव पीड़ा से तड़पती महिला को उपचार न मिलने की गंभीर घटना सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अठ्या द्वारा बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने पीएचसी रनेह बंद पाए जाने और कलेक्टर के निर्देशों का पालन नहीं करने के आरोप में कुल 06 डॉक्टरों व कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। साथ ही आउटसोर्स सुरक्षा कर्मी की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जारी नोटिस के अनुसार बंधपत्र चिकित्सक डॉ. सौरभ रंधवा, संविदा चिकित्सक डॉ. अनंत कुमार चौधरी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमाशंकर पटैल, संविदा बीसीएम देवेन्द्र सिंह ठाकुर, संविदा स्टाफ नर्स देवीकी कुर्मी एवं जिला कार्यालय के संविदा डीसीएम ऋषिराज को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसी प्रकरण में आउटसोर्स एजेंसी म.प्र. उद्यमिता विकास केंद्र (सेडमैप), अरेरा हिल्स भोपाल को सुरक्षा कर्मी राहुल असाटी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि 16 दिसंबर को सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल हुई थी कि रनेह गांव में देर रात प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला श्रीमती रामप्यारी पति खेमचंद रैकवार के लिए अस्पताल का दरवाजा नहीं खोला गया, जिससे महिला को घर लौटते समय रास्ते में ही बच्चे को जन्म देना पड़ा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हटा द्वारा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने मौके पर पहुंचकर जांच की और प्रतिवेदन कलेक्टर को सौंपा, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com