न्यू दमोह में तलवार-चाकू से हमला, युवक गंभीर घायल,पुलिस जांच में जुटी..

Spread the love

न्यू दमोह में तलवार-चाकू से हमला, युवक गंभीर घायल
पुराने विवाद को लेकर तीन-चार लोगों ने दिया वार, पुलिस जांच में जुटी दमोह।
दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू दमोह में शिव मंदिर के पास शुक्रवार को तलवारबाजी और चाकू चलने की गंभीर घटना सामने आई है। इस हमले में संजू पिता अनिरुद्ध (रोहित) अहिरवार उम्र 21 वर्ष निवासी न्यू दमोह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संजू पर तीन से चार लोगों ने तलवार, चाकू और डंडों से हमला किया। हमला इतना गंभीर था कि युवक लहूलुहान हालत में गिर पड़ा। ड्यूटी पर मौजूद रथ डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही दमोह जिला अस्पताल में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रशीता कुर्मी सहित पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और घायल तथा परिजनों के बयान दर्ज किए।
परिजनों के अनुसार यह विवाद पहले भी झंडा लगाने को लेकर हुआ था, जो दोबारा उग्र हो गया और आज हिंसक रूप ले बैठा। परिजनों ने आरोप लगाया कि जावेद सहित चार लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में सीएसपी एच.आर. पांडे ने बताया कि एक युवक तलवार और डंडों से घायल हुआ है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा। मौके पर हिंदू संगठनों के लोग भी मौजूद रहे। वहीं दूसरे पक्ष का एक वाहन टूटा हुआ भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com