दमोह में 7 से 11 जनवरी तक होगा “बुन्देलखण्ड फिल्म फेस्टिवल एवं फिल्म पर्यटन समागम”बुन्देलखण्ड की कला, संस्कृति और भाषा को मिलेगा राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय मंच..
दमोह | 19 दिसम्बर 2025 बुन्देलखण्ड क्षेत्र की कला, लोक संस्कृति, भाषा एवं सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में “बुन्देलखण्ड फिल्म फेस्टिवल एवं फिल्म पर्यटन समागम” एक अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। यह विचार प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा के दौरान व्यक्त किए
।इस अवसर पर राज्यमंत्री द्वय सहित अतिथियों ने बुन्देलखण्ड फिल्म फेस्टिवल एवं फिल्म पर्यटन समागम के पोस्टर का विमोचन किया।
कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री लखन पटैल, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, पूर्व भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र व्यास, प्रो. रश्मि जेता, सत्येन्द्र सिंह लोधी, एसडीएम आर.एल. बागरी एवं राजीव अयाची मंचासीन रहे।
राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि यह आयोजन बुन्देलखण्ड कला संस्कृति मंच समिति, छतरपुर एवं फिल्म पर्यटन संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश के सहयोग से प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य फिल्म निर्माण, पर्यटन और स्थानीय सांस्कृतिक प्रतिभाओं के बीच सशक्त समन्वय स्थापित करना है। दमोह एवं आसपास के बुन्देलखण्ड क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक स्थलों और ग्रामीण लोक संस्कृति को फिल्म निर्माण के लिए उपयुक्त लोकेशन के रूप में विकसित करना इसका प्रमुख लक्ष्य है।उन्होंने कहा कि समागम के अंतर्गत बॉलीवुड के अनुभवी लाइन प्रोड्यूसर, फिल्म निर्माता, निर्देशक, ओटीटी प्लेटफॉर्म प्रतिनिधि एवं मीडिया पार्टनर्स की सहभागिता से बुन्देलखण्ड को फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बुन्देली भाषा की फिल्मों, शॉर्ट फिल्मों, वेब सीरीज, वृत्तचित्र, लोकसंगीत एवं डिजिटल कंटेंट से जुड़े कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और अवसर मिलेंगे।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कि यह आयोजन स्थानीय कलाकारों के लिए मंच और रोजगार के अवसर सृजित करेगा, साथ ही फिल्म और पर्यटन विभागों के बीच सहयोग को भी सुदृढ़ बनाएगा। समापन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पुरस्कार वितरण, सम्मान समारोह एवं आगामी फिल्म परियोजनाओं पर विमर्श किया जाएगा।
इस फेस्टिवल में कुछ बॉलीवुड कलाकारों की सहभागिता की भी संभावना है।उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि 7 से 9 जनवरी 2026 तक फिल्म शूटिंग के लिए दर्शनीय एवं सिनेमेटिक लोकेशनों का भ्रमण कराया जाएगा।
10 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक सिनेमा संवाद, प्रतिभा परिचय, फिल्म निर्माण प्रदर्शनी, फिल्म स्क्रीनिंग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी।
वहीं 11 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक फिल्म निर्माण प्रक्रिया पर आधारित सत्र, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री लखन पटैल ने कहा कि यह दमोह जिले के लिए प्रसन्नता का विषय है। इस पहल से बुंदेली परंपरा के स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिलेगा। फिल्म शूटिंग बढ़ने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और मध्यप्रदेश एक फिल्म हब के रूप में स्थापित होगा।
कार्यक्रम का संचालन राजीव अयाची एवं श्री नायक ने किया।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..