हटा: विधायक निधि के लाखों रुपयों से हो रहा घटिया निर्माण, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी विकास की राह..

Spread the love

हटा: विधायक निधि के लाखों रुपयों से हो रहा घटिया निर्माण, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी विकास की राह..

(दमोह) हटा। जनपद पंचायत हटा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत नयागांव के ग्राम हरदुवानी (कमला पत) में विकास कार्यों में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। यहाँ विधायक उमादेवी खटीक द्वारा अधोसंरचना मद से स्वीकृत 20 लाख रुपए की राशि से बनाई जा रही सीसी रोड भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच प्रतिनिधि, सचिव और सब-इंजीनियर की सांठगांठ से गुणवत्ताहीन कार्य कराया जा रहा है।

गुणवत्ता को ताक पर रखकर हो रहा निर्माण

​जानकारी के अनुसार, आनंदी अहिरवार के घर से जिया हार की ओर बनाई जा रही इस सीसी रोड के निर्माण में तकनीकी मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नियमों के मुताबिक रोड के बेस में 40mm गिट्टी का उपयोग अनिवार्य है, लेकिन मौके पर बिना सही बेस तैयार किए ही घटिया सामग्री से सड़क निर्माण किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है; इससे पहले भी पंचायत में कराए गए निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन साबित हुए हैं।

सरपंच प्रतिनिधि का चौंकाने वाला खुलासा: “ऊपर तक देना पड़ता है कमीशन”

​जब इस घटिया निर्माण के संबंध में सरपंच प्रतिनिधि से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने एक ऐसा बयान दिया जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। सरपंच प्रतिनिधि का कहना है कि:

“नीचे से लेकर ऊपर तक सभी अधिकारियों को मोटा कमीशन देना पड़ता है। विधायक निधि से जो 20 लाख की राशि मिली है, उसमें भी 30 प्रतिशत कमीशन देना पड़ा है। ऐसे में हम गुणवत्तापूर्ण कार्य कैसे करा सकते हैं?”

मौन साधे बैठे जिम्मेदार

​इस गंभीर मामले में जब संबंधित सब-इंजीनियर से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन उठाना उचित नहीं समझा। अधिकारियों की यह चुप्पी इस बात की ओर इशारा करती है कि कहीं न कहीं उनकी मूक सहमति से ही सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है।

जांच की मांग

​विधायक निधि की राशि जनता की सुविधा के लिए होती है, लेकिन हरदुवानी में यह राशि भ्रष्टाचार के गड्ढों में समाती दिख रही है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस सनसनीखेज खुलासे और घटिया निर्माण पर क्या कार्रवाई करता है या फिर भ्रष्टाचार का यह खेल इसी तरह बदस्तूर जारी रहेगा।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com