195 करोड़ की बायपास रिंग रोड से बदलेगा पथरिया का भविष्य, अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर विकास की सौगात..

Spread the love

पथरिया में अटल जयंती पर अटल वाटिका का लोकार्पण, 195 करोड़ की रिंग रोड परियोजना की घोषणा..
दमोह।
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर पथरिया नगर में अटल वाटिका का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटैल ने पथरिया के विकास को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि फतेहपुर क्षेत्र में 195 करोड़ रुपये की लागत से बायपास रिंग रोड का निर्माण किया जाएगा।
राज्यमंत्री लखन पटैल ने कहा कि इस रिंग रोड परियोजना में दो फ्लाईओवर/ओवरब्रिज शामिल होंगे—एक बोतराई की दिशा में तथा दूसरा दूसरी ओर। इन दोनों फ्लाईओवर के निर्माण के साथ ही रिंग रोड का कार्य पूर्ण होगा। उन्होंने बताया कि आगामी 3 से 4 महीनों में सर्वे पूर्ण कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। रिंग रोड के निर्माण से अगले पांच वर्षों में पथरिया का तेजी से विस्तार होगा और आसपास के गांवों के आवागमन में भी बड़ा सुधार आएगा।
राज्यमंत्री पटैल ने कहा कि पथरिया में अब तक कोई पार्क नहीं था और अटल जी के जन्मदिवस पर उनके नाम से पहले पार्क ‘अटल वाटिका’ का लोकार्पण होना नगरवासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष और पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि पूरे पथरिया के समग्र विकास की योजना बनाकर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पद और जिम्मेदारी भगवान का दिया अवसर होता है, जिसे कार्य करके सार्थक बनाना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रिंग रोड की स्वीकृति पथरिया के विकास में एक नया आयाम जोड़ेगी। साथ ही उन्होंने नगरवासियों को आने वाले नए वर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि अटल वाटिका का लोकार्पण लंबे समय से प्रतीक्षित था और आज यह पार्क आम जनता के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया। भ्रष्टाचार मुक्त शासन, किसान क्रेडिट कार्ड, देश को सड़कों के माध्यम से एक सूत्र में बांधने जैसे ऐतिहासिक कार्य अटल जी की दूरदर्शिता का प्रमाण हैं।
गौरव पटैल ने कहा कि अटल वाटिका आने वाली पीढ़ियों को अटल जी के आदर्शों से जोड़ने का माध्यम बनेगी। अटल जी का व्यक्तित्व ऐसा था कि विपक्ष भी उनके विचारों का सम्मान करता था और उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी देश को दिशा दे रहे हैं।
कार्यक्रम के पूर्व राज्यमंत्री लखन पटैल ने अटल वाटिका में पौधारोपण किया तथा बच्चों के लिए लगाए गए झूलों सहित पार्क की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम का संचालन अनिल प्रजापति ने किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, नगर परिषद अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा, पूर्व विधायक सोनाबाई, पूर्व कृषि उपज मंडी अध्यक्ष खरगराम पटैल, संतोष दुबे, जमना जैन, अमित बजाज, सुखई दाऊ, प्रेम पटैल, गौरव पटैल, सुरेश पटैल, योगेन्द्र चौधरी, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com