दमोह। बाल दिवस के अवसर पर गुरुवार, 25 दिसंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर दमोह द्वारा बाल पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर संघचालक डॉ. विक्रांत सिंह चौहान मंचासीन रहे। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुनील जैन तथा मुख्य वक्ता के रूप में भैयन कुमार, जिला प्रचारक (दमोह) उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता भैयन कुमार ने अपने उद्बोधन में चार साहिबज़ादों के बलिदान की गाथा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी एवं उनके चारों साहिबज़ादों ने धर्म और देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने बाल स्वयंसेवकों को संघ की शाखा के माध्यम से होने वाले व्यक्ति निर्माण के महत्व को समझाया और बताया कि खेल-खेल में तन और मन को सशक्त बनाकर देश सेवा की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने शहीद भगत सिंह का उदाहरण देते हुए बताया कि किस प्रकार बचपन से ही उनके मन में देशभक्ति का भाव विकसित हुआ। साथ ही अभिमन्यु के बलिदान का उल्लेख करते हुए धर्म रक्षा के लिए किए गए त्याग की प्रेरक कथा सुनाई। संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के बाल्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि वे बचपन से ही देशभक्त थे और उन्होंने विद्यालय में अंग्रेज अधिकारी के आगमन पर ‘वंदे मातरम्’ व ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष कराए थे।
उद्बोधन के पश्चात शिशु मंदिर परिसर से बाल पथ संचलन प्रारंभ हुआ, जो बस स्टैंड, बैंक चौराहा, हॉस्पिटल चौक, घंटाघर, एवरेस्ट लॉज होते हुए पुनः शिशु मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बाल स्वयंसेवक एवं संघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..