दमोह।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय पंडित अटल बिहारी वाजपेयी जी के 101वें जन्मदिवस के अवसर पर दमोह जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दमोह के वरिष्ठ पत्रकार एवं सकल हिन्दू समाज जिला दमोह के संरक्षक अटल राजेन्द्र जैन ने लगातार 18वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की।
अटल राजेन्द्र जैन ने कहा कि पंडित अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है। अटल जी न केवल एक कुशल राजनेता थे, बल्कि वे प्रखर वक्ता, कवि, लेखक और सच्चे राष्ट्रभक्त भी थे। उनके विचार, व्यवहार और कार्य आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्हीं से प्रेरणा लेकर वे पिछले 18 वर्षों से लगातार रक्तदान कर रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि रक्तदान से डरें नहीं, बल्कि आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करें।
इस अवसर पर पतंजलि योग समिति के वरिष्ठ समाजसेवी कृष्ण कुमार परौहा ने भी 8वीं बार रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि उन्हें रक्तदान की प्रेरणा वरिष्ठ पत्रकार अटल राजेन्द्र जैन से मिली है। उन्हें देखकर ही उन्होंने रक्तदान को अपने जीवन का हिस्सा बनाया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं सकल हिन्दू समाज के संरक्षक महेंद्र जैन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने राजनीति को सेवा का माध्यम माना। उनकी वाणी में सरलता और विचारों में गहराई थी। शिक्षा, राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व और मानवता पर उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। अटल राजेन्द्र जैन, कृष्ण कुमार परौहा और अखिलेश रजक जैसे लोग उनके विचारों के जीवंत उदाहरण हैं।
जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता – अखिलेश रजक
महामाया रक्तदान सेवा समिति के सदस्य अखिलेश रजक ने बताया कि उन्होंने भी अटल राजेन्द्र जैन से प्रेरणा लेकर रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना उनकी संस्था की प्राथमिकता है तथा आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
रक्तदान कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरिष्ठ पत्रकार तनुज पाराशर, युवा सकल हिन्दू समाज जिला दमोह के अध्यक्ष मोंटी रैकवार, रक्तदान सेवा समिति से दीपक जैन, भाजपा युवा नेता संजय गौतम, सौरभ खरे, विधान पाराशर, संदीप सैनी सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..