दमोह।
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा निर्णय बदलते हुए धान खरीदी शुरू किए जाने के बाद जिले में 32 खरीदी केंद्रों पर प्रक्रिया जारी है, लेकिन व्यवस्थागत अव्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारदाने की कमी और समय पर परिवहन न होने से कई केंद्रों पर धान तुलाई बाधित है, जिससे केंद्रों के बाहर किसानों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
इसी अव्यवस्था के बीच घटेरा बनवार धान खरीदी केंद्र से गंभीर आरोप सामने आए हैं। किसानों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि केंद्र का संचालन पिछले तीन वर्षों से राजेश सिंह लोधी द्वारा किया जा रहा है, जो बिना अवैध वसूली के धान पास नहीं करते। किसानों का आरोप है कि प्रति क्विंटल ₹50 की मांग की जाती है। जब किसान निशुल्क तुलाई की बात करते हैं, तो उन्हें यह कहकर धमकाया जाता है कि “खरीदी हम कर रहे हैं, ऊपर तक कमीशन देना पड़ता है।”
औचक निरीक्षण में खुली पोल, अमानक धान रिजेक्ट
मंगलवार को घटेरा बनवार खरीदी केंद्र पर नोडल अधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई बोरियों पर टैग नहीं पाए गए, जिस पर समिति प्रबंधक को फटकार लगाई गई। इसके साथ ही कुछ ढेरों में अमानक धान भी पाया गया, जिसे तत्काल रिजेक्ट कर दिया गया। निरीक्षण अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल निर्धारित गुणवत्ता का ही धान खरीदा जाए, अन्यथा पुनः ऐसी स्थिति पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी लग चुके हैं भ्रष्टाचार के आरोप..
घटेरा बनवार खरीदी केंद्र पहले से ही जिले के बदनाम केंद्रों में गिना जाता रहा है। पूर्व में भी कई समाचार पत्रों, न्यूज़ पोर्टल और चैनलों में यहां भ्रष्टाचार से जुड़ी खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके बावजूद समिति प्रबंधक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई न होने से वही व्यक्ति आज भी केंद्र का संचालन कर रहा है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग..
किसानों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि समिति प्रबंधक को तत्काल केंद्र से हटाया जाए। साथ ही जिले की उन समितियों की भी जांच की जाए, जहां वर्षों से एक ही व्यक्ति खरीदी का जिम्मा संभाले हुए है। प्रबंधकों का स्थानांतरण और जिम्मेदारियों में बदलाव कर ही किसानों के साथ हो रही लूट-खसोट और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..