दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति से बदली सर्किट हाउस पहाड़ी की तस्वीर
टीम ‘उम्मीद’ के आठवें स्वच्छता अभियान का दिखा असर
दमोह।
“लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती”—यह पंक्ति जिले की स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में चल रही टीम ‘उम्मीद एक पहल’ पर पूरी तरह सटीक बैठती है। वर्षों से नशीली सामग्री के कचरे, प्लास्टिक थैलियों और सूखी झाड़ियों से अटी पड़ी सर्किट हाउस की पहाड़ी आज स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित नजर आ रही है।

सर्किट हाउस पहाड़ी को स्वच्छ बनाने का संकल्प हरीश पटेल ने लिया और अपनी टीम के साथ लगातार रविवार सुबह 8 से 10 बजे तक छह साप्ताहिक स्वच्छता अभियान चलाए। टीम के अथक प्रयासों का नतीजा यह रहा कि जहां पहले हर एक फीट पर कचरा दिखाई देता था, वहां अब कचरा लगभग न के बराबर रह गया है।
कचरे में आई भारी कमी..
छठवें स्वच्छता अभियान के दौरान टीम को मात्र छह बड़ी प्लास्टिक थैलियों में ही कचरा मिला, जबकि पहले हर अभियान में 15 से 20 थैलियां तक भर जाती थीं। अब तक टीम ‘उम्मीद’ पहाड़ी से करीब 85 प्लास्टिक की थैलियों का कचरा साफ कर चुकी है। इसके अलावा इस बार लगभग दो ट्रॉली सूखी कटीली झाड़ियों को हटाया गया, जिन्हें लोग अक्सर आग लगाकर पहाड़ी के वातावरण को खराब कर देते थे। ये झाड़ियां रात के समय शराबियों और नशेड़ियों का भी अड्डा बनी हुई थीं, जिन्हें हटाना बेहद जरूरी था।

आमजन ने भी बढ़ाया हाथ..
स्वच्छता अभियान के दौरान सुबह की सैर पर आए नागरिकों ने भी स्वतः आगे बढ़कर टीम का सहयोग किया। इनमें रत्नेश चतुर्वेदी, नरेंद्र सोनी, मुन्ना सोनी, रामकुमार असाटी, महेंद्र ठाकुर सहित सिविल वार्ड-2 के पार्षद प्रतिनिधि शैलेन्द्र ठाकुर शामिल रहे।
पार्षद प्रतिनिधि शैलेन्द्र ठाकुर ने कहा कि टीम ‘उम्मीद’ की लगातार चल रही पहल देखकर वे स्वयं अभियान में शामिल हुए हैं और आगे भी इसमें सहयोग करेंगे। वहीं रत्नेश चतुर्वेदी ने कहा कि पहाड़ी को पहले से कहीं अधिक स्वच्छ और सुंदर देखकर सुबह घूमने वाले सभी लोग बेहद खुश हैं। टीम के प्रयास सराहनीय हैं और इस पहल पर पूरे शहर को गर्व होना चाहिए।
प्रशासन से भी मिली सराहना..
स्वच्छता अभियान के दौरान दमोह कलेक्टर श्री सुधीर कोचर भी वहां से गुजरे। उन्होंने टीम के कार्यों की सराहना करते हुए अगले अभियान में स्वयं शामिल होने की बात कही, जिससे टीम का उत्साह और बढ़ गया।
नववर्ष से पहले शहर को मिली सौगात
नववर्ष से पहले सर्किट हाउस पहाड़ी को स्वच्छ और सुंदर बनाकर देने पर टीम ‘उम्मीद’ बेहद खुश नजर आई। टीम ने आमजन से अपील की है कि नववर्ष और आगे भी यहां कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

आगे भी जारी रहेगा अभियान..
टीम प्रमुख हरीश पटेल ने बताया कि यह अभियान अभी कुछ और सप्ताह तक जारी रहेगा। शेष बची सूखी कटीली झाड़ियों को पूरी तरह हटाया जाएगा, टूटी पड़ी बेंचों को भी हटाकर पहाड़ी को पूर्ण रूप से कचरा मुक्त बनाया जाएगा। साथ ही उम्मीद जताई कि जल्द ही जिला प्रशासन के सहयोग से यहां सीसीटीवी कैमरे, डस्टबिन लगाए जाएंगे और लोगों की आवाजाही पर सघन निगरानी शुरू होगी, ताकि भविष्य में पहाड़ी दोबारा नशीली सामग्री और कचरे से न भर सके।
अभियान में रहे शामिल..
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में चले इस अभियान में शिवम सोनी, धर्मेंद्र सोनी, जितेंद्र अहिरवाल, राकेश राठौर, माधव पटेल, नगर पालिका कर्मी असद शेख, माजिद शेख तथा बालक नैतिक सोनी सहित टीम ‘उम्मीद’ के अन्य सदस्य शामिल रहे।
टीम ‘उम्मीद’ की यह पहल न केवल स्वच्छता का संदेश दे रही है, बल्कि यह भी साबित कर रही है कि अगर इरादे मजबूत हों तो किसी भी स्थान की तस्वीर बदली जा सकती है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..